फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस और बीआरओ ने अलग-अलग शुरू की अटल टनल में मारपीट मामले की जांच

Mon, 04 Jan 2021 08:18 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, कुल्लू
विज्ञापन
अटल टनल रोहतांग(फाइल) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

अटल टनल रोहतांग के अंदर वाहन चालक के साथ हुई मारपीट के मामले की बीआरओ और पुलिस ने अलग-अलग जांच शुरू कर दी है। बीआरओ ने इस मारपीट से कोई संबंध होने से इंकार किया है। प्रेस बयान में कहा कि टनल के भीतर हुई मारपीट की घटना मानवता के लिए शर्मसार करने वाली है। दूसरी ओर, सोमवार को डीएसपी मनाली संजीव शर्मा अटल टनल पहुंचे और यहां तैनात पुलिस कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। पुलिस टनल के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगालेगी। पुलिस की मारपीट का शिकार हुए चालक की भी पहचान की जा रही है। वहीं, बीआरओ के अधिकारी कुलदीप वशिष्ठ ने कहा कि अटल टनल के अंदर हुई मारपीट के मामले की सीमा सड़क संगठन छानबीन कर रहा है। इसमें जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन


अटल टनल परियोजना के मुख्य अभियंता कर्नल केपी पुरुषोत्तमन ने कहा कि टनल की सुरक्षा का जिम्मा पुलिस देख रही है। पुलिस को बीआरओ से जो मदद भी चाहिए या सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जरूरत होगी, उसे उपलब्ध करवाया जाएगा। इधर, पुलिस मामले की घटना की जांच कर सख्त कार्रवाई करने की बात कह रही है। हालांकि, अभी साफ नहीं हुआ है कि टनल में पुलिस ने जिस व्यक्ति के साथ मारपीट की, वह स्थानीय या फिर पर्यटक। पुलिस गाड़ी को ट्रेस कर इसका पता लगाने में जुटी है। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि मारपीट केे प्रकरण के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सोमवार को डीएसपी मनाली संजीव शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। जांच रिपोर्ट के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अब अटल टनल के साउथ पोर्टल पर पर्यटक से मारपीट 
पर्यटकों के साथ कुल्लू पुलिस के विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब अटल टनल के साउथ पोर्टल पर पानीपत के एक पर्यटक से मारपीट की शिकायत दर्ज की गई है। पानीपत के गुरमीत सिंह ने शिकायत में कहा है कि अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से जब वह साउथ पोर्टल पहुंचे तो उनके साथ दो लोग और भी थे। इस दौरान किसी बात पर पुलिस ने उनके साथ मारपीट की है। एसपी गौरव सिंह ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। वहीं, गुरुद्वारा सिंह सभा कुल्लू के प्रधान जीएस बब्बू भी पर्यटकों की पिटाई के मामले को लेकर सोमवार को एसपी से मिले। उन्होंने कहा कि एसपी से आश्वासन मिला है कि डीएसपी मनाली को जांच के आदेश दिए गए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

टनल पर तैनाती से पहले पुलिस कर्मी पढ़ेंगे व्यवहारिकता का पाठ

 अटल टनल रोहतांग में एक व्यक्ति को सुरक्षा कर्मियों की ओर से लात और थप्पड़ मारने व मुर्गा बनाने के वायरल वीडियो के बाद अब हिमाचल पुलिस ने कर्मचारियों को व्यवहारिकता का पाठ पढ़ाने की कवायद शुरू की है। डीजीपी संजय कुंडू ने एसपी लाहौल-स्पीति, एसपी कुल्लू और कमांडेंट 3 आईआरबीएन पंडोह को पत्र लिखकर निर्देश जारी किए हैं। दोनों जिलों के एसपी व कमांडेंट से कहा है कि पर्यटन केंद्र बन चुके टनल के अंदर अगर कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ एमवी एक्ट, आईपीसी, सीआरबीपीसी व पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए।

किसी भी कीमत पर कानूनी दायरे से बाहर जाकर पुलिस कर्मी गलत बर्ताव नहीं करेंगे। कमांडेंट पंडोह से कहा गया है कि टनल पर तैनाती से पहले पुलिस कर्मियों को लोगों से बातचीत करने व उनके प्रति कैसा व्यवहार रखना है, इसका पाठ पढ़ाया जाए। उसके बाद ही उन्हें तैनात किया जाए। उन्होंने आदेश का सख्ती से पालन करने निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें