सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ पुलिस का डंडा चला। 100 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गईं। पुलिस की कार्रवाई से दिन भर हड़कंप मचा रहा। पुलिस के आने की सूचना मिलते ही कई लोगों ने आननफानन में अतिक्रमण हटा दिया।
एसपी डीडब्ल्यू नेगी की अगुवाई में कार्रवाई की गई। स्पेशल ड्राइव के दौरान पुलिस ने नेशनल हाईवे और स्टेट हाइवे के अवैध रुप से हो रहे इस्तेमाल के खिलाफ कार्रवाई की।
सर्वाधिक एफआईआर सड़क पर भवन निर्माण सामग्री उतार कर छोड़ देने वालों के खिलाफ की गईं। इसके अतिरिक्त सड़क किनारे पुरानी गाड़ियां छोड़ देने वालों, गाड़ियों की चेसिंया रखने वालों, वर्कशाप चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
ऐसे हार्डवेयर कारोबारियों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई जिन्होंने अपनी दुकान का सामान सड़क पर रखा हुआ था। इसके अतिरिक्त सड़क पर अवैध रूप से छोटा मोटा काम करने वालों के खिलाफ भी मामले दर्ज किए गए।