फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

AIIMS Bilaspur: पीएम मोदी ने हिमाचल को दिया एम्स का तोहफा, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज भी किया समर्पित

Wed, 05 Oct 2022 11:35 PM IST
अरविन्द ठाकुर संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर

सार

पीएम मोदी ने बिलासपुर से प्रदेश को 3652 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दीं। एम्स के सी ब्लॉक में डायग्नोस्टिक सेंटर का निरीक्षण किया।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को बिलासपुर से प्रदेश की जनता को 1471 करोड़ रुपये की लागत से बने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का तोहफा दिया। पीएम ने एम्स के सी ब्लॉक से इसका लोकार्पण किया। इसके बाद लुहणू मैदान में जनसभा के दौरान मंच से रणसिंघा बजाकर विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी शंखनाद भी किया। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने विकास को रोके रखा, लेकिन हमारी सरकार की पहचान है कि जिस प्रोजेक्ट का शिलान्यास करती है, उसका लोकार्पण भी करती है। अटकने, लटकने और भटकने के दिन चले गए। 

विज्ञापन


 बिलासपुर के बाद पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा महोत्सव में पहुंचकर भगवान रघुनाथ का आशीर्वाद भी लिया। भारी भीड़ के बीच से होकर मोदी रघुनाथ के रथ तक पहुंचे और करीब सात मिनट भगवान के आगे नतमस्तक रहे। इसके बाद मंच पर जाकर 10 मिनट तक हाथ जोड़कर रथ यात्रा को निहारते रहे। मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं जो कुल्लू दशहरा में पहुंचे हैं। इससे पहले बिलासपुर में एम्स का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने लुहणू मैदान से जनसभा में पीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोगों के अब दोनों हाथों में लड्डू होंगे। यहां देश-दुनिया के लोग एम्स में इलाज करवाने आएंगे और इसका लाभ पर्यटन को भी होगा। मोदी ने कहा कि इसे ग्रीन एम्स के नाम से भी जाना जाएगा।

कांग्रेस का नाम लिए बिना उन्होंने विपक्षी पार्टी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली के साथ हिमाचल में जनता का आशीर्वाद न मिलता तो वे विकास में अड़ंगा डाल देते। मोदी ने कहा कि यह भी संयोग देखिए कि आज विजयदशमी है और उन्हें रणसिंघा फूंकने का अवसर मिला। यह भविष्य के लिए हर विजय का आगाज लेकर आया है। मोदी ने बिलासपुरी बोली में देवी-देवताओं को प्रणाम कर अपने भाषण की शुरुआत हिमाचल के लोगों से गहरा नाता जोड़ते हुए केंद्र और हिमाचल सरकार की कई उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि नड्डा, अनुराग और जयराम कह रहे हैं कि हिमाचल के लिए यह सब मोदी ने किया, पर वह कहते हैं कि हिमाचल के लोगों की वोट की ताकत ने ही यह किया है। विकास के मामले में लंबे वक्त से देश में एक विकृत सोच देखी गई। यह सोच यह थी कि अच्छी सड़कें होंगी तो कुछ राज्यों या बड़े शहरों में, बड़े काम भी बड़े शहरों में होने की धारणा थी। छोटे और पहाड़ी प्रदेशों में मूल सुविधाएं सबसे अंत में कई साल बाद पहुंचती थीं।
विज्ञापन


इससे देश में असंतुलित विकास था। बीते आठ साल में डबल इंजन की सरकार ने हिमाचल की विकास गाथा को नए आयाम पर पहुंचा दिया है। मोदी ने कहा कि ऊना में रेल लाइन बिछाने के मामले में 35 साल पहले संसद में घोषणा हुई थी, पर काम नहीं हुआ। हिमाचल को कौन पूछेगा। मोदी ने अपनी ओर इशारा कर कहा-यह तो हिमाचल का बेटा है। हिमाचल को भूल नहीं सकता। आज हिमाचल प्रदेश में केंद्रीय विवि, आईआईटी, ट्रिपल आईटी, आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थान हैं। अब एम्स भी प्रदेश की जनता की आन-बान और शान बढ़ा रहा है। इस मौके पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद किशन कपूर, राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी, राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप मंच पर मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री ने दी देश को दूसरे हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज की सौगात

महर्षि वेद ब्यास की धरती बिलासपुर की बंदला धार में बने देश के दूसरे हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को जनता को समर्पित कर दिया। वर्तमान में कॉलेज में दो ट्रेड सिविल और इलेक्ट्रिकल में पढ़ाई हो रही है। अब दो और ट्रेड में जल्द ही पढ़ाई शुरू होगी। अब इसमें मेकेनिकल और कंप्यूटर इंजीनियरिंग को भी जोड़ा जाएगा। कॉलेज में अभी दो ट्रेड में 529 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं।
 
इस कॉलेज के बनने से पहले उत्तराखंड के टिहरी में एक हाइड्रो कॉलेज की सुविधा है। इसके अलावा इस विषय में पढ़ाई करने के लिए देश के बच्चों को आईआईटी रुड़की या देश की अन्य आईआईटी का रुख करना पड़ता था। अब बंदला कॉलेज में भी हाइड्रो विषय की पढ़ाई शुरू हो गई है। इस कॉलेज में हर साल 240 बच्चों को चार ट्रेड में प्रवेश मिलेगा। यहां की लैब में आधुनिक उपकरण स्थापित करने के लिए हाल ही में साढ़े सात करोड़ का टेंडर जारी किया गया है।

इस संस्थान का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 अप्रैल 2017 को शिमला दौरे के दौरान ऑनलाइन किया था। 2009 में वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बिलासपुर की बंदलाधार में हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बनाने का सपना देखा। 29 जुलाई 2016 को दिल्ली में इसका एमओयू साइन हुआ।

वर्ष 2017-18 से कॉलेज में पहला बैच नगरोटा बगवां में शुरू हुआ। इसमें दोनों निगम एनएचपीसी और एनटीपीसी ने प्रथम चरण में 75 करोड़ रुपये और दूसरे चरण में 50 करोड़ रुपये का योगदान किया है। कॉलेज के लोकार्पण पर बंदला कॉलेज में ही समारोह का आयोजन किया गया। सभी बच्चे, अधिकारी वर्चुअल पीएम मोदी के कार्यक्रम से जुड़े। वहीं, लुहणू में कार्यक्रम खत्म होने के बाद कॉलेज की उद्घाटन पट्टिका को बंदला ले जाया गया।

469 करोड़ में तैयार होगा पिंजौर-नालागढ़ फोरलेन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिंजौर नालागढ़ फोरलेन मार्ग का वर्चुअल शिलान्यास किया। 30 माह में तैयार होने वाले इस मार्ग का ठेका पटेल इंफ्रा कंपनी ने लिया है। 469 करोड़ में यह फोरलेन तैयार किया जाएगा। इसके बनने से बीबीएन में लगने वाले जाम से वाहन चालकों को राहत मिलेगी। 

नालागढ़-पिंजौर मार्ग पर प्रतिदिन 30,000 छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। मार्ग पुराना है लेकिन वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालात यह है कि सुबह और शाम को यहां पर जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम से निपटने के लिए राष्ट्रीय राज्य मार्ग प्राधिकरण इस मार्ग को फोरलेन बना रहा है। 31 किमी लंबे इस मार्ग का ठेका पटेल इंफ्रा कंपनी ने लिया है। हिमाचल में बद्दी से नालागढ़ तक 17 किमी मार्ग फोरलेन बनेगा। 

एनएच विभाग ने इस मार्ग के दोनों ओर पेड़ों की कटाई का कार्य पूरा कर लिया है। बद्दी से नालागढ़ तक 460 मकान फोरलेन की जद में आए थे। मकान मालिकों को मुआवजा देने की प्रक्रिया जारी है। यह फोरलेन 39 मीटर चौड़ा बनेगा। इसमें चार बड़े और 15 छोटे पुल बनेंगे। 

मोदी ने पहाड़ की पीड़ा को समझा, अब हमारे लिए एम्स का मतलब है हिमाचल

- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल छोटा सा प्रदेश है और कांग्रेस के कार्यकाल में इसकी अहमियत बहुत छोटी सी होती थी। हिमाचल के लिए आज से पहले एम्स का मतलब दिल्ली होता था और यहां के लोगों के लिए इलाज का अंतिम पड़ाव वहीं होता था। लेकिन, प्रधानमंत्री मोदी ने पहाड़ की पीड़ा को समझा और अब हमारे लिए भी एम्स का मतलब हिमाचल ही है। बिलासपुर के लुहणू मैदान में प्रधानमंत्री मोदी के आभार समारोह में सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में अगर हमारे चार साल का कार्यकाल पूरा होता है तो पीएम मंडी आकर हमें आशीर्वाद देते हैं।

केंद्र में आठ साल पूरे होने पर फिर से देवभूमि हिमाचल आकर शिमला से देश को संबोधित किया। विजयादशमी पर देवभूमि के बिलासपुर में आशीर्वाद देने आए हैं। सीएम बोले-हम यह एहसान चुकता नहीं कर सकते। प्रदेश की जनता भी पीएम मोदी को बहुत प्यार करती है। यह हिमाचल की जनता की भावनाएं हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि हम प्रगति की राह पर कहीं भी पहुंच जाएं, लेकिन ये चीजें हमें याद दिलाती रहेंगी। मुड़-मुड़ कर कि हम कहां पर थे और किस नेतृत्व ने हमें संबल किया। जब इन सब बातों का जिक्र आता है तो नाम एक ही है नरेंद्र मोदी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाली है और इस अवधि में सरकार ने विकास के सभी क्षेत्रों में राज्य की प्रगति सुनिश्चित की है। प्रदेश की इस विकास यात्रा के दौरान केंद्र सरकार ने हर संभव सहायता और सहयोग प्रदान किया। प्रधानमंत्री की ओर से राज्य के  लिए 10,000 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने राज्य के लिए बल्क ड्रग फार्मा पार्क स्वीकृत करने के लिए भी प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन

कभी सोचा था कि प्रधानमंत्री आएंगे और एम्स देंगे : नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा - फोटो : अमर उजाला
 भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि विजयादशमी के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल की जनता को अनेक सौगात देने आए हैं। वह हिमाचलवासियों की ओर से मोदी का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा उन्हें ताकत दे। वे देश की सेवा में पल-पल में लगे हैं। उन्होंने राजनीतिक घटनाक्रम को शुरू से देखा है। पहले दिल्ली का हिमाचल के लिए सही दृष्टिकोण नहीं था। उन्होंने कहा कि बिलासपुर कई बार उजड़ा। हम देने वाले वाले बने, हमें कभी किसी ने कुछ नहीं दिया। कभी सोचा था कि प्रधानमंत्री आएंगे और एम्स देंगे।   नड्डा ने कहा कि तीन अक्तूबर, 2017 को इसी मैदान में शिलान्यास रखा था। अब वह यहां उद्घाटन करने आए। कांग्रेस के वक्त में क्या कभी ऐसा हुआ कि प्रधानमंत्री यहां शिलान्यास करने आए और उद्घाटन भी किया है। हिमाचल के लोग याद रखेंगे। बंदला की पहाड़ी को आज हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज मिला है।

हिमाचल को मेडिकल डिवाइस पार्क भी मिल रहे हैं। शांता कुमार हमें अधिकार यात्रा में दिल्ली ले जाते थे। धूमल भी हक़ मांगने के लिए ले जाते थे। मोदी ने हमें विशेष श्रेणी का स्टेटस दिया। 70 साल बाद हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा मिला। सिरमौर की जनता आशीर्वाद देगी। हिमाचल के सीधे और सरल लोगों को आवाज प्रधानमंत्री ने दी है और ताकत दी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल में स्थान दिया। मुझ जैसे व्यक्ति को अध्यक्ष बनाकर हिमाचल के आम आदमी को ताकत दी है। वह मोदी को शीश झुकाकर प्रणाम करते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद जगत प्रकाश नड्डा ने मंच से जयराम ठाकुर को लोकप्रिय मुख्यमंत्री और अनुराग ठाकुर को लोकप्रिय सांसद कहा।

मोदी के नेतृत्व में गुलामी की मानसिकता से देश बाहर निकल रहा : अनुराग 
- केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजयादशमी उत्सव को मनाने के लिए हिमाचल चुनने पर अभिनंदन किया। अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। अनुराग ने कहा कि देश मोदी के नेतृत्व में गुलामी की मानसिकता से बाहर निकल रहा है।  कोई भी ऐसा क्षेत्र नहीं है, जिसमें भारत पीछे रहा हो। लोगों से अपने स्थान पर खड़ा होकर नरेंद्र मोदी का स्वागत करने का अनुरोध किया।

मोदी के मंच पर आने से पहले खुद माइक पकड़ नड्डा ने नारे लगाए
- मोदी के मंच पर आने से पहले नड्डा खुद माइक की ओर बढ़े। उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की अतिरिक्त निदेशक आरती गुप्ता को हटने को कहा और उन्होंने खुद नारे लगाए-स्वागत है स्वागत है मोदी जी का स्वागत है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें