फरवरी माह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धर्मशाला आएंगे। यहां बड़े स्तर पर इन्वेस्टर मीट होने जा रही है। शनिवार को राज्य सरकार ने इस मीट के लिए एक हाई पावर कमेटी का गठन कर लिया है। इसमें सात मंत्रियों को सदस्य बनाया गया है।इनके अलावा मुख्य सचिव समेत एक दर्जन से ज्यादा प्रशासनिक सचिवों को इस कमेटी में सदस्य बनाया गया है। शनिवार को सरकार ने इन्वेस्टर मीट के लिए दो कमेटियों को अधिसूचित किया।
एक हाई पावर कमेटी की कमान खुद सीएम जयराम ठाकुर के हाथ में रहेगी तो दूसरी मानीटरिंग कमेटी के अध्यक्ष मुख्य सचिव होंगे। सीएम जयराम ठाकुर की अध्यक्षता वाली हाई पावर कमेटी के सदस्य आईपीएच एवं बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा, कृषि मंत्री रामलाल मारकंडा, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह और वन मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर होंगे।
मुख्य सचिव, अन्य प्रशासनिक सचिवों के अलावा औद्योगिक संगठनों के प्रमुख इसके सदस्य बनाए गए हैं। इस हाई पावर कमेटी में कुल 24 सदस्य शामिल किए गए हैं। इसी तरह से मुख्य सचिव बीके अग्रवाल की अध्यक्षता में एक अन्य कमेटी को भी अधिसूचित किया गया है। इसमेें वरिष्ठ अधिकारियों को सदस्य बनाया गया है।