राजधानी शिमला के माल रोड स्थित इंडियन कॉफी हाउस में वीरवार को सैलानी ‘मोदी कॉफी’ की मांग करते दिखे। इसकी खासियत जानने के लिए बाहरी राज्यों से इंडियन कॉफी हाउस में फोन की घंटियां बज रही हैं।
रातोंरात इंडियन कॉफी हाउस यूं ही सुर्खियों में नहीं आया है। दरअसल, बीते बुधवार को भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से लौटते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अचानक कॉफी हाउस के बाहर गाड़ी रुकवाकर कॉफी की चुसकियां ली थीं।
बाद में पीएम ने ट्वीटर हैंडल पर कॉफी पीते हुए फोटो टैग कर लिखा - ‘दो दशक बाद भी शिमला के कॉफी हाउस की कॉफी का स्वाद पहले की तरह लाजवाब है।’
पीएम के फोटो और ट्वीट की अखबारों, न्यूज चैनलों और सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हुई, जिसके बाद अचानक इस कॉफी की मांग बढ़ गई।
इंडियन कॉफी हाउस में सैलानी मांग रहे ‘मोदी कॉफी’
वीरवार को शिमला के व्यवसायी दीपक सूद अपने दोस्तों के साथ कॉफी हाउस में कॉफी पी रहे थे। दीपक ने बताया कि वह नियमित यहां आते हैं। अमृतसर से घूमने आए ललित त्रिखा और उनके बेटे प्रणव ने बताया कि ‘मोदी कॉफी’ पीने के बाद उन्होंने कॉफी हाउस के बाहर सेल्फी भी ली।
कॉफी हाउस के सहायक प्रबंधक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राहक विशेषकर सैलानी ‘मोदी कॉफी’ मांग रहे हैं। इंडियन कॉफी वर्कर्स कोऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड मालरोड स्थित कॉफी हाउस का संचालन कर रही है।
पर्यटक सीजन में कॉफी हाउस की रोजाना करीब एक लाख तक सेल होती है सामान्य दिनों में 50 से 60 हजार सेल होती है। 40 कर्मियों का स्टाफ कॉफी हाउस का संचालन कर रहा है।
कॉफी हाउस को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान: मैनेजर
हमारी कॉफी की तारीफ कर पीएम मोदी ने हमें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला दी है। पीएम के प्रशंसकों में कॉफी के पैसे देने की होड़ मच गई, हर कोई पैसे देना चाहता था, लेकिन हम पैसे कैसे लेते।
पीएम मोदी ने तो हमारे यहां कॉफी पीकर हमारा महत्व बढ़ा दिया। को-आपरेटिव सोसायटी का हर सदस्य पीएम मोदी का आभारी है। - आत्माराम शर्मा, मैनेजर, इंडियन कॉफी हाउस
कॉफी रेसिपी, बैंगलोर से आती है कॉफी बीनस
इंडियन कॉफी हाउस के लिए कॉफी बीनस बैंगलोर से आते हैं। यहां इन्हें भुना जाता है और इसके बाद रोजाना की मांग के लिए 4 से 6 किलो पिसाई होती है।
इसके बाद मिश्रण को बायलर में मिला कर स्टील के फिल्टर (पहले पीतल का फिल्टर था) से निकाला जाता है।
इसके बाद दूध में मिलाकर सर्व किया जाता है। कॉफी हाउस में रोजाना करीब सात से आठ सौ कप कॉफी सर्व होती है। यहां काफी का रेट मात्र 27 रुपये है
‘अमर उजाला’ की खबर और फोटो की बनाएंगे फ्रेम
कॉफी हाउस के प्रबंधक आत्माराम शर्मा ने बताया कि ‘अमर उजाला’ में छपी खबर और पीएम मोदी की कॉफी हाउस के बाहर कॉफी पीते हुए तस्वीर को फ्रेम करवा कर यहां लगाया जाएगा।
नेहरू, गांधी, आडवाणी सहित कई नामी हस्तियां आ चुकी हैं यहां
जवाहर लाल नेहरू, महात्मा गांधी, लाल कृष्ण आडवाणी, ज्योति बसु, वीरभद्र सिंह सहित कई चर्चित हस्तियां इंडियन कॉफी हाउस में कॉफी पीने आ चुकी हैं।