अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व और आपदा प्रबंधन मनीषा नंदा ने आज यहां कहा कि पिछले तीन दिन में हुई भारी बारिश के चलते प्रदेश में 220.29 करोड़ रुपए की सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। बारिश की वजह से विभिन्न विभागों को हुए नुकसान की पूरी रिपोर्ट अभी तैयार की जा रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन की खुद निगरानी कर रही अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि बुधवार को प्रशासन ने लाहौल घाटी में फंसे लोगों को निकालने के लिए दो रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए, जिनमें 368 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। ये बचाव अभियान लाहौल घाटी के जिंगजिंग बार और बारालाचा में सुबह 7 बजे शुरू हुआ।
सुरक्षित निकाले गए 356 लोगों को रोहतांग सुरंग के रास्ते लाया गया जबकि कुछ विदेशी नागरिकों सहित 31 लोगों को एयरलिफ्ट किया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा करीब 900 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
अभी भी कुछ लोग लाहौल घाटी में फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने के लिए गुरुवार को प्रशासन दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाएगा। ये अभियान आने वाले दिनों में तब तक जारी रहेगा, जब तक कि सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक नहीं पहुंचाया जाता।