प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल शिमला आएंगे। उनके शिमला आने का कार्यक्रम तय हो गया है। वे यहां रामपुर के बायल में बनी 412 मेगावाट बिजली परियोजना को राष्ट्र के नाम सर्मपित करेंगे।
इसके लिए सभी तैयारियों को पूरा किया जा रहा है। वहीं परियोजना के सीएमडी इस बारे में ऊर्जा मंत्रालय भारत सरकार से भी मिल कर आ चुके है। जहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यहां आने की पुष्टि भी लगभग हो चुकी है।
जल्द पूरा होगा परियोजना का काम
वहीं, परियोजना प्रबंधन भी अपने कार्य को पूरा करने में दिन रात लगा हुआ है। इसके लिए रामपुर बिजली प्रोजेक्ट में काम कर रहे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों तक की अवकाश रद्द कर दिए गए है। संभावना जताई जा रही है कि अगर सब कुछ योजना अनुसार रहा तो परियोजना प्रबंधक 15 नवंबर तक बिजली परियोजना शुभारंभ करवाने की तैयारी में है।
उल्लेखनीय है कि रामपुर परियोजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण में चला हुआ है। वर्तमान में परियोजना की पांच टरबाइनों से बिजली उत्पादन शुरू हो चुका है। जबकि अंतिम और छठी टरबाइन का काम चला हुआ है।
सीएमडी मंत्रालय से मिली मंजूरी
हाल ही में ऊर्जा मंत्रालय से मिलने के बाद परियोजना के सीएमडी आरपी सिंह रामपुर परियोजना का दौरा कर चुके है। बताया जा रहा है कि ऊर्जा मंत्रालय की ओर से भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को परियोजना के शुभारंभ पर लाने की बात कही गई है।
इधर, इस बारे में परियोजना प्रमुख केके गुप्ता का कहना है कि परियोजना की पांच टरबाइनों से बिजली उत्पादन शुरू हो चुका है जबकि अंतिम टरबाइन भी जल्द बिजली उत्पादन शुरू कर देगी।
उन्होंने कहा कि परियोजना को प्रधानमंत्री के करकमलों से राष्ट्र को सर्मपित करवाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बारे में सीएमडी ऊर्जा मंत्रालय से बात कर चुके है।