स्वच्छ भारत मिशन में पहाड़ी राज्यों में ग्रामीण स्वच्छता में मंडी जिले को देश भर में पहला पुरस्कार मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार कार्यक्रम में यह पुरस्कार दिया। शुक्रवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में कार्यक्रम हुआ।
मंडी के डीसी संदीप कदम और नारी शक्ति महिला मंडल खद्दर की प्रधान कांता देवी ने प्रथम पुरस्कार लिया। इसमें प्रशस्ति पत्र और महात्मा गांधी का स्मृति चिह्न दिया गया है। कार्यक्रम में जिला मंडी में महिला मंडलों के माध्यम से स्वच्छता के लिए किए गए कार्यों की वीडियो भी दिखाई गई।
प्रधानमंत्री ने मंडी में स्वच्छता क्षेत्र में किए कार्यों की भी प्रशंसा की। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) में मंडी विकास अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर में शौचालय का निर्माण, उसका इस्तेमाल, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों तथा सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय और घरों से निकलने वाले ठोस और तरल कचरे का प्रबंधन, सोक्ता गड्ढों का निर्माण आदि कार्यों में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है।