प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल से बड़ा नाता रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंच से जनता को उनकी पुराने बातें याद दिला दी। सीएम ने कहा कि साढ़े चार साल पहले जब वे शपथ समारोह के दौरान शिमला आए थे तो उन्होंने कॉफी हाउस में कॉफी का आनंद लिया था। हिमाचल प्रभारी रहते हुए वे कॉफी हाउस में व्यापारियों, पत्रकारों और लोगों से मिलते थे।
हिमाचल में बदलेगा पांच साल का रिवाज
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में भी पांच-पांच साल का रिवाज बदलने जा रहा है। पांच में से चार राज्यों में यह हो चुका है। अब हिमाचल की बारी है।
भाषा नहीं पर भावना समझ रहा हूं
लाभार्थियों से संवाद के दौरान बिहार की ललिता देवी और कर्नाटक की संतोषी ने अपनी भाषा में बात की तो प्रधानमंत्री भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। रैली स्थल में बैठे लोगों ने भी खूब ठहाके लगाए। इस पर प्रधानमंत्री ने कहा- भाषा तो समझ नहीं आ रही है जो भावना उजागर हो रही है उसे मैं समझ पा रहा हूं।
समादेवी का नाम लेने पर चौंक गए लोग
समारोह स्थल पर बैठी समा देवी का नाम लेते ही आसपास बैठे लोग एकदम से चौंक गए कि उनके बीच एक लाभार्थी भी बैठी हैं। इनका सीधे प्रधानमंत्री से संवाद हो रहा है। इससे पहले प्रधानमंत्री देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले गरीब कल्याण योजना के लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद कर रहे थे। समा देवी जिला सिरमौर की रहने वाली हैं। इस पर मोदी ने कहां मैं सिरमौर आता रहा हूं।
रैली स्थल पर लगे मोदी और जयराम के नारे
रैली स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नारे लगते रहें। दर्शक मोदी - मोदी, एक बार जयराम, बार बार जयराम के नारे गूंजते रहें।
अनुराग को नहीं दी तरजीह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को लोकप्रिय और कर्मठ जबकि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप को पुराना साथी कहा। मंच से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और प्रदेश शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज का नाम नहीं लिया। यह दोनों मंच पर बैठें थे। प्रधानमंत्री ने मेरे केंद्रीय सहयोगी शब्द का प्रयोग किया।
वैक्सीन के लिए बद्दी फार्मा उद्योग की भूमिका अहम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वैक्सीन लगाने में हिमाचल देश के अन्य राज्यों में अव्वल रहा है। बद्दी फार्मा उद्योग ने भी वैक्सीन को लेकर अहम भूमिका निभाई है।