दो दिवसीय सैहल मेले का समापन, खेल प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाया दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी से सटे शोघी क्षेत्र के सैहल में दो दिवसीय मेले का रविवार को समापन हुआ। मेले के दूसरे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। समापन समारोह में चमियाना से जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सेन ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। बैडमिंटन के सिंगल मुकाबले में मनीष ने पहला और आक्रिश ने दूसरा स्थान हासिल किया। बैडमिंटन डबल मुकाबले में रॉबिन और गौरव की जोड़ी विजेता रही, जबकि मनीष और आक्रिश की जोड़ी उपविजेता बनी। कबड्डी सब जूनियर वर्ग में जाठिया देवी की टीम ने जीत दर्ज की जबकि सेवन स्टार शोघी की टीम दूसरे स्थान पर रही। जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता में कैंथल हरियाणा की टीम विजेता और जाठिया देवी की टीम उपविजेता रही। वहीं शतरंज प्रतियोगिता में कार्तिक ने पहला और लेखराम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि खुश विक्रम सेन ने विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जलेल पंचायत के उपप्रधान ललित शर्मा, पूर्व बीडीसी प्रमोद शर्मा, पवन शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, योगेंद्र शर्मा, हरि चंद रोहाल, जलेल पंचायत की पूर्व प्रधान अंजना रोहाल आदि मौजूद रहे।