एशियन विकास बैंक (एडीबी) मिशन टीम ने परियोजना अधिकारी सुनेई किम के नेतृत्व में प्रदेश सब ट्रॉपिकल, बागवानी, सिंचाई और वैल्यू एडिशन परियोजना (एचपी शिवा) में मुख्य सचिव बीके अग्रवाल के साथ बैठक की।
सुनेई किम ने मुख्य सचिव को बताया कि इस परियोजना में 20 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में अमरूद, अनार, लीची और नींबू प्रजाति के फलों की उच्च घनत्व सब ट्रॉपिकल फसलें लगाई जानी हैं।
शुरूआत में आरंभ में प्रदेश के बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी और कांगड़ा जिलों में विभिन्न फसल मॉडलों के लिए 15 प्रायोगिक उप-परियोजनाओें और सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की पांच उप- परियोजनाओं पर काम होगा।
परियोजना अधिकारी ने मुख्य सचिव से आग्रह किया कि एचपी शिवा के तहत चयनित खंडों में सभी रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए। एडीबी मिशन के एसोशिएट परियोजना अधिकारी कृष्ण रोटेला, एचपी शिवा परियोजना निदेशक डॉ. एमएम शर्मा, उप निदेशक देवेंद्र ठाकुर इस दौरान मौजूद रहे।