पांवटा साहिब से होकर बहने वाली बाता नदी में दोस्तों के साथ नहाने उतरे बारहवीं के एक छात्र की डूबने से मौत हो गई है। बुधवार को हुए इस दर्दनाक हादसे से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय गोताखोरों ने बाता पुल से करीब 100 मीटर दूर शव बरामद कर लिया।
ग्राम पंचायत भाटांवाली के प्रधान श्रवण कुमार ने बताया कि भाटांवाली गांव निवासी बलदेव सिंह टेलरिंग का कार्य करता है। उनका एक बेटा और बेटी है। बेटा ऋतिक (17) पांवटा के एक निजी स्कूल में कक्षा 12वीं में पढ़ता था।
बुधवार को उमस होने पर ऋतिक अपने साथियों के साथ नदी में नहाने लगा। बताया जा रहा है कि ऋतिक नदी में गहराई की तरफ चला गया और डूबने लगा। साथियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन काफी देर तक कोई पता नहीं चल सका।
पंचायत प्रधान ने कहा कि युवक के परिजन यूपी के मुजफ्फरनगर में किसी रिश्तेदार के घर विवाह समारोह में गए थे। परिजनों के पहुंचने पर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। इसके बाद शव सौंप दिया गया है।
डीएसपी पांवटा सोमदत्त ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर भेज दी गई थी। शव को गोताखोरों की टीम ने नदी से बाहर निकाला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।