प्रदेश के चंबा जिले में हुए दर्दनाक हादसे में 100 वर्षीय बुजुर्ग को पिकअप ने कुचला डाला। बुजुर्ग की दोनों टांगे टूट गईं। खोला-धुलारा सड़क पर मंघियाना गांव के पास एक पिकअप ने घर के बाहर बैठे 100 वर्षीय वृद्ध को कुचल दिया। जिससे वृद्ध की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब आठ बजे पिकअप गाड़ी नंबर एचपी 57 ए 4646 को चालक मंघियाना गांव के पास रिवर्स कर रहा था।
उसी दौरान सड़क के साथ अपने घर के बाहर बैठा वृद्ध गाड़ी के पिछले टायर के नीचे आ गया। जिससे वृद्ध की टांगें टूट गई। हादसे में वृद्ध की चीख सुनकर वहां पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और वृद्ध को घायल अवस्था में पीएचसी समोट में पहुंचाया। जहां पर मौजूद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे सिहुंता चौकी के पुलिस कर्मियों ने हादसे में मारे गए वृद्ध के परिजनों के बयान दर्ज किए।
हादसे में मारे गए वृद्ध की पहचान कपिया राम पुत्र दयाल राम निवासी गांव मंघियाना के रूप में हुई है। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी वीरबहादुर सिंह ने बताया कि खोला-धुलारा सड़क पर मंघियाना गांव के पास पिकअप गाड़ी की चपेट में आने से वृद्ध की
मौत हो गई। यह हादसा चालक की लापरवाही के कारण हुआ है। पुलिस ने गाड़ी चालक किशोरी लाल उर्फ शम्मी पुत्र बाबू राम निवासी गांव सरोग डाकघर रजेंई के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मुकद्दमा दर्ज किया है।
चलती कार में लगी आग, टला बड़ा हादसा
डमटाल (कांगड़ा)। पठानकोट-जालंधर हाईवे पर सोमवार सुबह करीब 4 बजे डमटाल के हिल टाप दुर्गा माता मंदिर के पास एक कार में अचानक आग लग जाने से कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। पुलिस जानकारी के मुताबिक डमटाल की पहाड़ियों पर दुर्गा माता
मंदिर के नजदीक सुबह वरना कार जिसमें बृजमोहन पुत्र बद्री प्रसाद निवासी राजस्थान जो की पठानकोट से अपने घर राजस्थान के लिए निकला था। जैसे ही डमटाल की पहाड़ी पर पहुंचा तो कार से अचानक धुंआ निकलने लगा और अचानक आग लग गई।
कार चालक तुरंत गाड़ी छोड़ कार निकल गया। चंद मिनटों में कार पूरी तरह से आग की लपटों से घिर गई और पूरी तरह से जल कर राख हो गई। इसकी सूचना मिलने पर डमटाल पुलिस चौकी के हवलदार गोविंद अपनी पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और मामूली
घायल बृजमोहन को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि कार के एसी से शार्ट सर्किट होने से आग लगी। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक की मौत
बंगाणा (ऊना)। बंगाणा उपमंडल के गांव परोइयां कलां में ईंटों से लदा ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जिला बिलासपुर के गांव संताणा निवासी वीर सिंह के रूप में हुई है। इस मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रविवार देर रात साढ़े 11 बजे चालक वीर सिंह ट्रैक्टर में ईंट लादकर परोइयां पंचायत के किसी गांव में छोड़ने जा रहा था कि
चढ़ाई चढ़ते समय ट्रैक्टर स्किड होकर पलट गया। इसमें ट्रैक्टर चालक की नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठी हो गई। उसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। उधर, बंगाणा थाना प्रभारी प्रकाश चंद शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
ट्रक-बाइक की टक्कर में बाइक चालक की मौत
लंज ( कांगडा)। लंज रानीताल रोड पर ट्रक व बाइक की टक्कर में बाइक चालक की मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार शुभम (21) पुत्र नरेंद्रपाल निवासी लंज बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान बाइक ट्रक से टकरा गई। इससे वह
घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे टीएमसी लाया गया, जहां पर उसने तम तोड़ दिया। थाना प्रभारी कांगड़ा बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। युवक का पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।