‘अमर उजाला’ के माध्यम से देश-विदेश के मीडिया में सामने आए लारजी हादसे के वीडियो को मंडी जिला के टकोली के रहने वाले बिहारी लाल ने शूट किया है।
बिहारी कहते हैं कि इस भयानक मंजर का वीडियो शूट करते समय उनके भी रोंगटे खड़े हो गए थे। उनकी टांगें भी कांप रही थीं। शादी में आए लोगों में से कइयों ने छात्रों को बहता देख चिल्लाना और रोना शुरू कर दिया।
सब कुछ इतना जल्दी हुआ कि कोई कुछ नहीं कर पाया। उधर, घटनास्थल पर क्या हो रहा है, इसके लिए बिहारी लाल ने अपने कैमरे को पूरे जूम पर लिया।
शादी में वीडियोग्राफी करने आए थे बिहारी लाल
बिहारी लाल रविवार 8 जून को थलौट में घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर पहाड़ी पर स्थित गांव में एक शादी की वीडियोग्राफी करने आए थे।
शाम को करीब 6.30 बजे नदी किनारे शोर और सीटियां सुनने के बाद उन्होंने अपने कैमरे का मुंह ब्यास नदी की ओर मोड़ा। उनके कैमरे का जूम 32 एक्स तक था।
नदी में पहले पानी बहुत कम था और दो दर्जन से ज्यादा लोग नदी में थे। इस बीच आसपास के लोग शोर मचाकर उन्हें नदी से दूर भागने के लिए कह रहे थे और कुछ लोग सीटियां भी बजा रहे थे, लेकिन इससे पहले कि नदी के बीच बैठे छात्र-छात्राएं कुछ समझ पाते, वे बह गए।
हादसे से सबक लेना जरूरी
बिहारी शौकिया रूप वीडियो और फोटोग्राफी करते हैं। वह कहते हैं कि जब भी कहीं किसी समारोह में जाते हैं तो अपने साथ कैमरा जरूर ले जाते हैं।
अपने हाथों शूट किया गया वीडियो बुधवार को सभी टीवी चैनलों पर देखकर वह भी हैरान थे। हालांकि, कहते हैं कि उनका ये काम इस प्रकार के हादसे रोकने में काम आए तो ज्यादा अच्छा होगा।
इस हादसे से हमें सबक लेना चाहिए।