शिमला में सामान्य पेट्रोल 99.96 रुपये हो गया है। जबकि पावर पेट्रोल के दाम 109.18 रुपये प्रति लीटर है। जबकि डीजल के दाम 91.86 रुपये हो गए हैं। शिमला के विकासनगर पेट्रोल पंप के प्रबंधक संजू ने कहा कि पेट्रोल में 85 व व डीजल में 89 पैसे की बढ़ोतरी हुई है। नए दाम लागू हो गए हैं। शुक्रवार को शिमला में पेट्रोल 91.98 रुपये प्रति लीटर था। जबकि डीजल 90.97 पैसे प्रति लीटर थे।
पिछले कुछ दिनों में वैश्विक बाजार में कच्चे तेल के दाम तेजी से बढ़े हैं। इसी वजह से तेल कंपनियों ने खुदरा ईंधन कीमतों में फिर बढ़ोतरी की है। लगातार तीसरी बार कीमतें बढ़ने से परिवहन खर्च और जरूरी सामानों की कीमतों पर भी असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
देश में एक बार फिर महंगाई ने आम जनता की जेब पर बड़ा वार किया है। पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बीते 10 दिनों में तीसरी बार तेल कंपनियों ने कीमतें बढ़ाई हैं, जिसके बाद अब हर सफर महंगा होने लगा है। बढ़ते दामों का असर सिर्फ वाहनों तक सीमित नहीं, बल्कि अब रोजमर्रा की चीजों पर भी पड़ने लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार को पेट्रोल और डीजल के दामों में फिर इजाफा कर दिया। शिमला में लोगों का कहना है कि लगातार पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ रहे दामों का असर आने वाले दिनों में देखने को मिलेगा। इसका मध्यम वर्ग पर सबसे अधिक बोझ पड़ रहा है। माल ढुलाई, बस किराए में भी इसका असर पड़ेगा। शिमला व्यापार मंडल के सह सचिव तरूण राणा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी से कारोबार पर असर पड़ेगा। माल ढुलाई भाड़ा बढ़ेगा जिससे वस्तुओं के दाम भी बढ़ेंगे। शिमला निवासी सत्यवान पुंडीर ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से जनता की परेशानी और बढ़ गई है। पहले ही महंगाई की मार झेल रही जनता पर सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर और बोझ डाल दिया है।