हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण के लिए कल प्रचार का शोर थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी केवल घर-घर जाकर ही जनसंपर्क कर सकेंगे। पहले चरण में 26 मई को प्रदेश की 1280 पंचायतों के लिए मतदान होना तय हुआ है। चुनाव को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार और सोमवार को पोलिंग पार्टियों की अंतिम रिहर्सल होगी। इसके तुरंत बाद सभी टीमों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया जाएगा। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के ठीक बाद, यानी मतदान के दिन ही प्रधान, उप-प्रधान और वार्ड पंच पदों की मतगणना होगी और नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। पहले चरण के बाद अगले दौर के मतदान की तारीखें भी राज्य निर्वाचन आयोग ने तय कर रखी हैं। प्रदेश में दूसरे चरण का मतदान 28 मई को होगा, जिसमें 1258 पंचायतों में वोट डाले जाएंगे। इसके बाद, तीसरे और अंतिम चरण के तहत 30 मई को 1170 पंचायतों में मतदान प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिला परिषद और पंचायत समिति के नतीजे 31 मई को घोषित होंगे।