कोविड के बढ़ते प्रकोप के बीच केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय के निर्देश पर प्रदेश कार्मिक विभाग ने आल इंडिया सर्विस के अधिकारियों को बड़ी राहत दी है। हर साल केंद्रीय सेवा के चालीस की उम्र पार कर चुके अधिकारियों को सालाना परफार्मेंस अपरेजल रिपोर्ट (पीएआर) भरने के दौरान स्वास्थ्य चेकअप कराकर मेडिकल रिपोर्ट भी लगानी होती है।
इसके बिना अधिकारियों की पीएआर को अधूरा माना जाता है, लेकिन इस बार कोविड के चलते सरकार ने निर्णय लिया है कि अधिकारियों को 2019-20 का पीएआर जमा करने के दौरान मेडिकल रिपोर्ट जमा न करने की छूट दी गई है। प्रदेश के कार्मिक विभाग की ओर से जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि यह सिर्फ एक बार की रियायत है।
हालात सामान्य होने पर अगले साल पीएआर के साथ मेडिकल रिपोर्ट जमा करना जरूरी होगा। कार्मिक विभाग का यह आदेश आल इंडिया सर्विस से आए आईएएस अधिकारियों के अलावा आईपीएस व आईएफएस अधिकारियों पर भी लागू होगा।