अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी में नगर निगम के न्यू मर्ज एरिया के सैकड़ों उपभोक्ताओं को भी अब सस्ती दर पर पीने का पानी मिलेगा। इन्हें पेयजल कंपनी सस्ती दरों पर बिल जारी करेगी।
कंपनी ने यह भी दावा किया कि अभी तक जिन लोगों ने महंगी दर पर बिल जमा कर दिए हैं, उन्हें अगले बिलों में रियासत दी जाएगी। सदन में अपर ढली पार्षद कमलेश मेहता ने यह मामला उठाया। कहा कि लंबीधार, मशोबरा, ब्योलिया आदि इलाके पिछले साल दिसंबर में नगर निगम में शामिल हो चुके हैं। लेकिन यहां के उपभोक्ताओं को अभी तक पंचायत की महंगी दर पर बिल जारी हो रहे हैं। इन्हें भी शहर की बाकी उपभोक्ताओं की तरह सस्ता पानी मिलना चाहिए। कंपनी के महाप्रबंधक राजेश कश्यप ने कहा कि इसके निर्देश दे दिए हैं। अब इन्हें भी सस्ता पानी मिलेगा। कांग्रेस पार्षद नरेंद्र ठाकुर ने मर्ज एरिया के लोगों को भी पेयजल योजना से जोड़ने का मामला उठाया। इस पर कंपनी ने आश्वासन दिया कि जल्द लोगों को इस योजना से जोड़ दिया जाएगा।
विज्ञापन
सदन में सुएज इंडिया कंपनी ने शहर में 24 घंटे पानी देने के लिए तैयार की गई योजना पर प्रस्तुति दी। कहा कि शहर में नई पेयजल लाइनें बिछाकर, मीटर बदलकर और टैंक बनाकर लोगों को 24 घंटे पानी दिया जाएगा। 24 घंटे के भीतर जनता की शिकायतें दूर होंगी। इसके लिए शहर में उपभोक्ता शिकायत निवारण केंद्र खुलेंगे। मेयर ने निर्देश दिए कि कंपनी ऐसा सिस्टम तैयार करे जिसमें पेयजल खपत बढ़ने पर उपभोक्ता को अलर्ट जारी हो।
सतलुज पेयजल योजना पर मांगा जवाब शहर में 24 घंटे पानी देने के लिए तैयार की जा रही सतलुज पेयजल योजना पर महापौर सुरेंद्र चौहान ने सदन में कंपनी और बिजली बोर्ड के अफसरों से रिपोर्ट ली। बिजली बोर्ड ने दावा किया कि शकरोड़ी में 15 मई जबकि दवाडा और डुम्मी में 31 मई तक बिजली कनेक्शन दे देंगे। मेयर ने कंपनी से काम की रिपोर्ट ली। कंपनी ने कहा कि बिजली मिलते ही टेस्टिंग शुरू कर देंगे। जून के अंत तक सतलुज का पानी शिमला पहुंच जाएगा।