फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तिब्बत सरकार के पीएम पद की दौड़ में पेंपा सेरिंग सबसे आगे

Thu, 07 Jan 2021 12:16 PM IST
Krishan Singh सुनील चड्ढा, अमर उजाला, धर्मशाला
विज्ञापन
पेंपा सेरिंग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

निर्वासित तिब्बत सरकार के नए प्रधानमंत्री पद की दौड़ में पेंपा सेरिंग का नाम सबसे आगे चल रहा है। निर्वासित तिब्बत सरकार के प्रधानमंत्री (केंद्रीय तिब्बत प्रशासन के अध्यक्ष) के पद के लिए 3 जनवरी को दुनिया भर में मतदान होने के बाद अभी तक मतगणना चल रही है जिसे पूरा होने में अभी तीन से चार दिन और लगेंगे। मतगणना के शुरुआती रुझानों में पेंपा सेरिंग बड़ा चेहरा उभरकर सामने आए हैं। पेंपा सेरिंग निर्वासित तिब्बत संसद में दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं। अमेरिका में धर्मगुरु दलाईलामा के प्रतिनिधि पद पर भी तैनात रह चुके हैं। 

विज्ञापन


पेंपा सेरिंग ने पिछली बार भी प्रधानमंत्री पद के लिए चुनाव लड़ा था जिसमें वह दूसरे नंबर पर रहे थे। बुधवार तक 50 फीसदी से ज्यादा मतों की गणना दुनिया भर में हो चुकी है। इसमें पेंपा सेरिंग 15138 मतों से पीएम पद की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं। दूसरे नंबर पर निर्वासित तिब्बत सरकार की पूर्व गृह मंत्री गेरी डोलमा 9612 और तीसरे नंबर पर केलसंग दोरजे आकत्संग 9576 मतों से आगे चल रहे हैं। दोंगचंग नगोदुप 4032, लोबसंग न्यादंक 330, आचार्य येशी फुंचोक 109 और टाशी तोपग्याल 16 मत हासिल कर आगे चल रहे हैं। केलसंग दोरजे आकत्संग को निर्वासित तिब्बत सरकार के प्रधानमंत्री लोबसंग सांग्ये का खास माना जाता है। उधर, इससे इतर चुनाव के बीच अमेरिका ने तिब्बत को लेकर कानून पास कर चीन को झटका दिया है। नए राष्ट्रपति जो बाइडन पहले ही अमेरिका में दलाईलामा को आमंत्रित करने की बात कह चुके हैं। 

तीन से चार दिन लगेंगे मतगणना में : कुंगा सेरिंग
रिजनल इलेक्शन कमीशनर धर्मशाला कुंगा सेरिंग ने अमर उजाला को बताया कि पहले चरण की मतगणना पूरी होने में अभी तीन से चार दिन और लगेंगे। रुझानों में पेंपा सेरिंग सबसे आगे चल रहे हैं। 
विज्ञापन


11 अप्रैल को होगा दूसरे चरण का मतदान 
3 जनवरी को तिब्बतियों ने निर्वासित तिब्बत सरकार के पीएम पद समेत 45 सदस्यीय निर्वासित संसद के उम्मीदवारों के लिए मतदान किया था। दूसरे और आखिरी चरण की वोटिंग 11 अप्रैल को होगी। इसके नतीजे 14 मई को घोषित होंगे। 22 दिसंबर तक दुनिया भर में कुल 79,697 मतदाताओं ने चुनाव में मतदान करने के लिए पंजीकरण किया था। इसमें से 55,683 भारत में रहते हैं।
 

विज्ञापन

पेंपा की डोलमा या दोरजे से हो सकती है टक्कर 

गेरी डोलमा - फोटो : अमर उजाला
निर्वासित तिब्बत सरकार की चुनाव गाइडलाइंस के मुताबिक प्रधानमंत्री पद के लिए प्रथम चरण के मतदान में पहले और दूसरे नंबर पर रहने वाले उम्मीदवार ही दूसरे चरण के मतदान में पहुंचते हैं। फिर दो में से एक विजेता घोषित होता है। प्रथम चरण के अभी तक के रुझानों में पेंपा सेरिंग काफी आगे हैं। गेरी डोलमा और केलसंग दोरजे दोनों दूसरे नंबर की दौड़ में एक दूसरे के आसपास चल रहे हैं। ऐसे में दूसरे चरण के चुनाव में पेंपा की टक्कर डोलमा या दोरजे के साथ हो सकती है।  

प्रचार में तीनों उम्मीदवारों के मुद्दे अलग-अलग 
पेंपा सेरिंग ने अपने चुनाव प्रचार में अभी तक दलाईलामा की मध्य मार्ग नीति पर ही आगे चलने की बात कही है। जबकि, गेरी डोलमा ने प्रचार में आजादी और मध्य मार्ग नीति दोनों में किसी भी पर अपना दृष्टिकोण स्पष्ट नहीं किया है। इससे इतर केलसंग दोरजे ने प्रचार में तिब्बतियों की आर्थिक उन्नति पर ज्यादा जोर दिया है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें