करसोग,चिड़गांव, रोहड़ू और ठियोग से आ रहा मटर
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी की ढली सब्जी मंडी में चार दिन में मटर के दामों में 25 रुपये प्रतिकिलो तक उछाल आया है। फसल के अच्छे दाम मिलने से किसानों के चेहरे खिल गए हैं।
सब्जी मंडी में अब पहाड़ी मटर की आपूर्ति बढ़ना शुरू हो गई है। मंडी में वीरवार को 800 बोरी मटर पहुंच करसोग,चिड़गांव, रोहड़ू और ठियोग से पहुंचा। पहाड़ी मटर की बाहरी राज्यों में मांग ज्यादा है जिस कारण किसानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं। चार दिन पहले 80 से 150 रुपये प्रतिकिलो बिकने वाला मटर वीरवार को 100 से 175 रुपये प्रतिकिलो तक बिका। यहां से मटर की सप्लाई मुंम्बई, बंगलूरू, महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली और गुजरात भेजी जा रही है। आढ़तियों की ओर से संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में मटर की सप्लाई और बढ़ेगी। सर्दियों के दिनों में चंडीगड़, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली का मटर शिमला आता है लेकिन पहाड़ी मटर की गुणवत्ता बेहतर मानी जाती है। इसके अलावा मंडी में शिमला मिर्च 40 से 50, बीन 70 से 75, आलू 10 से 20 और बंदगोभी 10 से 26 रुपये प्रतिकिलो की दर से बिकी। ढली सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के सचिव बिट्टू वर्मा ने बताया कि मंडी में पहुंच रही मटर की गुणवत्ता ज्यादा अच्छी नहीं है। आने वाले दिनों में फसल की आपूर्ति बढ़ने के साथ गुणवत्ता में सुधार आने की उम्मीद है। ऐसे में आने वाले दिनों किसानों को अच्छे दाम मिलेंगे।