राष्ट्रपति दौरे पर अस्पताल प्रबंधन ने की तैयारियां
विज्ञापन
आईजीएमसी प्रबंधन ने जारी किया ड्यूटी रोस्टर
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के शिमला में प्रस्तावित दौरे से पहले स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। व्यवस्था में कोई चूक न रहे इसका पूरा ध्यान रखा है। दौरे को लेकर अब मरीजों को वीरवार से वीवीआईपी स्पेशल वार्ड नहीं मिलेंगे। इसे राष्ट्रपति के लिए रिजर्व कर दिया है।
चार वार्डों में मेडिकल किट तक उपलब्ध करवा दी है। इसके अलावा दो वार्डों को पोर्टेबल वेंटिलेटर तक स्थापित कर दिए हैं। साथ ही अन्य आवश्यक मशीनरी को भी उपलब्ध कर दिया है। वीरवार को सभी मशीनरी की जांच की जाएगी। आईजीएमसी से चिकित्सक और स्टाफ का ड्यूटी रोस्टर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेज दिया है। चिकित्सकों के आई कार्ड के लिए भी जरूरी दस्तावेज भी भेज दिए हैं ताकि समयानुसार सभी प्रकार की कागजी कार्रवाई पूरी की जा सके। आईजीएमसी के कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण भाटिया ने बताया कि राष्ट्रपति दौरे को लेकर सभी तैयारियां अस्पताल प्रबंधन पूर्ण करने में जुटा है। वीवीआईपी वार्ड रिजर्व कर दिए हैं। अब राष्ट्रपति दौरे तक चार वीवीआईपी वार्ड को नहीं दिया जाएगा। वार्ड में पोर्टेबल वेंटिलेटर समेत अन्य मशीनों को भी स्थापित कर दिया है।