हिमाचल प्रदेश परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच ने सरकार को लंबित मांगों का इस मानसून सत्र में समाधान न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। मंच ने कहा कि मानसून सत्र के दौरान विधानसभा का घेराव किया जाएगा। प्रदेशाध्यक्ष बलराम पुरी की अध्यक्षता में हुई कार्यसमिति की बैठक में रोष जताया गया कि सरकार की ओर से स्वयं मंच के देय भत्तों की लंबित मांगों को मानने की घोषणा के बावजूद स्थिति जस की तस है।
प्रदेश महासचिव बीर सिंह चौहान ने बताया कि बैठक में जिलाध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों ने निगम के पेंशनरों की लगभग 255 करोड़ की विभिन्न लेनदारी पर विशेष चर्चा की। उन्होंने बताया कि मंच की मांगों में बजट में प्रावधान के मुताबिक पेंशन का स्थायी समाधान करने, वर्ष 2015 से लंबित 2019 तक 27 प्रतिशत महंगाई भत्ते का भुगतान करने, अंतरिम राहत का 21 प्रतिशत एरियर देना शामिल है। बैठक में चमन पुंडीर, कुलदीप सिंह गुलेरिया, बृजलाल ठाकुर, दीवान चंद ठाकुर, बिहारी लाल ठाकुर, सुरेंद्र सूद, कर्म सिंह, रमेश शर्मा तथा अन्य कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे।