फ्लाइन-डोभी साइट में पैराग्लाइडिंग
- फोटो : संवाद
फ्लाइन-डोभी साइट से पैराग्लाइडिंग शुरू हो गई है। शनिवार को मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने साइट का विधिवत शुभारंभ किया। अब यहां पर मानव परिंदे उड़ते हुए नजर आएंगे। फ्लाइन से उड़ान भरने के बाद पर्यटक डोभी में लैंड करेंगे। एक फ्लाइट के करीब 3500 रुपये अदा करने होंगे। यहां से वहीं, पैराग्लाइडिंग साइट शुरू होने से युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र में साहसिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। विवाद के चलते काफी समय से पैराग्लाइडिंग गतिविधियां बंद थीं।
यहां पर पर्यटन विभाग ने विवाद खत्म करने के लिए सरकारी साइट देखी, जिसे तकनीकी कमेटी ने निरीक्षण कर पास कर दिया और अनुमति के लिए सरकार को भेजा था। साइट के लिए सरकार से अनुमति मिलने के बाद अब सरकारी पैराग्लाइडिंग साइट युवाओं को मिली है। इससे पहले पायलट निजी साइट से पैराग्लाइडिंग उड़ान भरते थे, जिसकी एवज में भूमि मालिक को प्रति उड़ान 150 रुपये देय करना पड़ता था। विधायक ने कहा कि इस क्षेत्र के लिए सरकारी साइट मंजूर होना फायदेमंद हैं। स्थानीय पंचायतों को लाभ मिलने के साथ ही युवाओं को भी घर-द्वार पर रोजगार मिलेगा।
बीड़ बिलिंग की तरह होंगी पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिताएं
जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुनैना शर्मा ने कहा कि साइट में बीड़ बिलिंग पैराग्लाइडिंग साइट की तर्ज पर पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। डोभी-फ्लाइन साइट सरकारी साइट का विधिवत शुभारंभ होने के बाद पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन में खुशी की लहर है। इस दौरान अटल बिहारी पर्वतारोहण संस्थान मनाली के निदेशक अविनाश नेगी, पतलीकूहल थाना प्रभारी राजीव लखनपाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष बीर सिंह ठाकुर, अमन शर्मा, मोहन, राकेश ठाकुर, चांद स्वरूप राणा, हीरा लाल विभू, गोपाल भार्गव आदि मौजूद रहे।