चौड़ा मैदान में प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, नियमित करने की पॉलिसी को 5 साल करने की मांग
विज्ञापन
बालूगंज-विधानसभा सड़क पर लगा रहा यातायात जाम संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जल शक्ति विभाग पैरा कर्मचारी संगठन ने हिमाचल बजट सत्र के 10वें दिन शनिवार को सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पैरा कर्मचारी विधानसभा का घेराव करने के लिए चौड़ा मैदान से कूच करने लगे लेकिन पुलिस ने सड़क पर बैरिकेड्स लगाकर इन्हें विधानसभा जाने से रोक दिया।
पैरा वर्करों ने करीब पौने घंटे तक सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इसी दौरान भाजपा विधायक विनोद कुमार और रणधीर शर्मा भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे तथा पैरा वर्करों की मांगों को लेकर ज्ञापन उपमुख्यमंत्री को सौंपने का आश्वासन दिया। पैरा वर्करों की कर्मचारियों को नियमित करने की पॉलिसी को 8 साल से घटाकर 5 साल करना मुख्य मांग है। चौड़ा मैदान में शनिवार को प्रदेशभर से पैरा वर्कर तख्तियां और बैनर लेकर चाैड़ा मैदान में एकत्रित हुए। पैरा वर्कर न्यूनतम वेतन बढ़ोतरी, ड्यूटी घंटे निश्चित करने, 15 प्रतिशत कोटा को खत्म करने तथा साप्ताहिक अवकाश की भी मांग कर रहे हैं।
पैरा कर्मचारी संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष अमन शर्मा ने कहा कि पैरा वर्कर बार-बार सरकार से अपनी मांगों को लेकर मिल चुके हैं, लेकिन हमारी मांगों को सरकार द्वारा नहीं सुना जा रहा है। ऐसे में पैरा वर्कर का प्रतिनिधिमंडल विधानसभा के अंदर सरकार से मिलने नहीं जाएगा। बल्कि उपमुख्यमंत्री को पैरा वर्कर से बात करने के लिए धरना स्थल पर ही आना पड़ेगा। इसी बात को लेकर सभी पैरा वर्कर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। कुछ देर बाद आक्राेश में पैरा वर्कर चौड़ा मैदान में धरना स्थल से उठकर विधानसभा की तरफ जाने की कोशिश करने लगे। इन्हें पुलिस बल ने मुख्य सड़क पर लगे बैरिकेड्स पर रोक दिया। विधायक विनोद कुमार और विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि आपकी सभी मांगे जायज हैं। इस मुद्दे को विधानसभा में सरकार के समक्ष उठाएंगे। भाजपा सरकार आने पर पैरा वर्कर की मांगो को पूरा किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान करीब पौने घंटे तक बालूगंज-विधानसभा सड़क पर यातायात ठप रहा। हालांकि 3 बजे के करीब सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया। इस दौरान पैरा वर्कर के कार्यकर्ता चेतन ठाकुर, शुभम, अमन, प्रवीण, अंकुश सहित पुलिस बल मौजूद रहा।