भंग हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग।
- फोटो : अमर उजाला
एसआईटी ने पोस्ट कोड-819 ट्रैफिक इंस्पेक्टर भर्ती के पेपर लीक मामले में हमीरपुर न्यायालय में चालान पेश किया है। एसआईटी ने इस मामले में 22 मार्च 2023 को रवि कुमार, उमा आजाद और उसके बेटों नितिन आजाद और निखिल आजाद के खिलाफ मामला दर्ज किया था। वहीं, मामले में जिला कांगड़ा के धर्मशाला स्थित आरटीओ कार्यालय में सेवारत ट्रैफिक इंस्पेक्टर रवि कुमार को गिरफ्तार किया था। एसआईटी इससे पूर्व पोस्ट कोड 965 जेओए आईटी, पोस्ट कोड 1003 कंप्यूटर ऑपरेटर और पोस्ट कोड 1036 जूनियर ऑडिटर मामले में दो चालान और एक अनुपूरक चालान पेश कर चुकी है। अब ट्रैफिक इंस्पेक्टर पेपर लीक मामले में हमीरपुर न्यायालय में चौथा चालान पेश किया गया है।
पोस्ट कोड 939 जेओए आईटी पेपर लीक मामले में गिरफ्तार नीतू की जमानत पर हमीरपुर जिला सत्र न्यायालय 31 मई को फैसला सुनाएगा। सोमवार को अदालत में बहस हुई। इसके अलावा पोस्ट कोड-819 ट्रैफिक इंस्पेक्टर पेपर लीक मामले में हमीरपुर न्यायालय में चालान पेश कर दिया है।
-राहुल नाथ, एसपी विजिलेंस मंडी
उमा की पड़ोसन की जमानत पर फैसला 31 मई को
भंग हो चुके हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के पोस्ट कोड 939 जेओए आईटी पेपर लीक मामले में गिरफ्तार नीतू की जमानत पर हमीरपुर जिला सत्र न्यायालय 31 मई को फैसला सुनाएगा। सोमवार को जमानत को लेकर अदालत में अभियोजन और बचाव पक्ष में बहस हुई। इसके बाद अदालत ने फैसला 31 मई 2023 तक सुरक्षित रख लिया है। आरोपी नीतू हमीरपुर के वार्ड नंबर सात में रहती हैं और वह मुख्य आरोपी उमा आजाद की पड़ोसी भी है। नीतू ने अपने भाई गोपाल को जेओए आईटी की परीक्षा में उत्तीर्ण करवाने के लिए कर्मचारी चयन आयोग की तत्कालीन वरिष्ठ सहायक उमा आजाद और उसके बेटे निखिल आजाद से प्रश्नपत्र हासिल किया था। एसआईटी ने नीतू और उसके भाई गोपाल पठानिया को 28 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। गोपाल को जिला न्यायालय से बीत 24 मई को जमानत मिल चुकी है, जबकि नीतू अभी तक न्यायिक हिरासत में है।