गोदामों में प्याज को जमा करने वालों पर खाद्य नियंत्रण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वीरवार को भोरंज उपमंडल की कई दुकानों में छापामारी कर विभाग ने दो क्विंटल प्याज जब्त किया है। गोदामों में रखे प्याज का बिल न दिखा पाने पर कई दुकानदारों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। विभाग की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।
विभाग को शिकायत मिली थी कि प्याज के दाम घटने के बावजूद हमीरपुर जिला में कई दुकानों में 110 से 130 रुपये प्रति किलो के हिसाब से प्याज बेचा जा रहा है। इसके बाद जिला नियंत्रक शिवराम राही की अगुवाई में भोरंज, भरेड़ी, बस्सी, सुलगबान और जाहू बाजार में किराना व सब्जी की दुकानों में दबिश दी गई। जाहू व सुलगबान में चार दुकानों में बिना बिल का दो क्विंटल प्याज जब्त किया गया। राही ने बताया कि आगे भी इस तरह की छापामारी जारी रहेगी।