हमीरपुर। शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा के शहादत दिवस पर बुधवार को हमीरपुर में एक सादे समारोह का आयोजन किया गया। शहीद की प्रतिमा पर उपायुक्त हरिकेश मीणा, अतिरिक्त उपायुक्त रतन गौतम, एसडीएम डॉ. चिरजी लाल शर्मा, सैनिक कल्याण विभाग के ओएसडी अनुपम ठाकुर, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद हमीरपुर केएल ठाकुर, जिला नाजर विकास, शहीद के भाई मुकुल रत्न भारद्वाज सहित अन्य लोगों ने पुष्पमालाएं अर्पित कर उनकी शहादत को नमन किया।
शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा की यूनिट-514-एएडी रेजीमेंट एससी ग्वालियर से आए नायब सूबेदार सत्यवीर सिंह शेखावत, सिपाही प्रसन्ना कुमार, पंकज कुमार और दिनेश सिंह ने उन्हें सलामी दी और श्रद्धासुमन अर्पित किए। एक जनवरी 2004 को पीर पंजाल पर्वत श्रेणी के वन्य शिखर पर आतंकवादी गतिविधियों के बीच अवस्थित मखीधार कंपनी की कमान संभालते हुए समेकित सेना मुख्यालय क्षेत्र जम्मू-कश्मीर के हिमाच्छादित क्षेत्र में शत्रु घुसपैठियों का मुकाबला करते हुए मृदुल शर्मा ने राष्ट्रहित में सर्वोच्च बलिदान दिया था। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने कहा कि शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा देश के सच्चे वीर जवान थे और उनकी शहादत देश की एकता और अखंडता की प्रेरणा समाज को देती रहेगी। शहीदों की कुर्बानियों की बदौलत ही हमारे देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। शहीदों और देश के वीर जवानों का हमें हमेशा सम्मान करना चाहिए।