हिमाचल प्रदेश में पंचायत उपचुनाव के लिए रविवार को मतदान होगा। मतदान की प्रक्रिया सुबह सात बजे से तीन बजे के बीच होगी। पंचायत उपचुनाव के नतीजे रविवार को ही घोषित हो जाएंगे, जिला पंचायत व बीडीसी के मतों की गणना सोमवार सुबह नौ बजे से निर्धारित मतगणना स्थलों पर होगी। राज्य चुनाव आयोग ने संबंधित जिला उपायुक्तों व एआरओ को निर्देश जारी कर दिए हैं। बता दें कि पंचायत प्रधानों, उपप्रधानों, पंचायत वार्ड सदस्यों के अलावा जिला परिषदों तथा पंचायत समिति सदस्यों के 247 रिक्त सीटों के लिए ये उपचुनाव होंगे।
संबंधित क्षेत्रों में मौत होने या किसी अन्य कारण से ये सीटें खाली हो गई थीं। राज्य निर्वाचन आयुक्त पी मित्रा ने बताया कि जिला बिलासपुर में 11, चंबा में 17, हमीरपुर में 27, कुल्लू में 13, कांगड़ा में 53, लाहौल-स्पीति में 4, मंडी में 48, शिमला में 14, सिरमौर में 17, सोलन में 18 और ऊना में 25 सीटों के लिए उपचुनाव हो रहे हैं। इनमें प्रधानों की 20, उपप्रधानों की 22 और वार्ड सदस्यों की 196 सीटें शामिल हैं। जिला परिषद की एक और पंचायत समिति की आठ सीटें हैं। अगले साल ग्राम पंचायतों के आम चुनाव भी हैं।