भारतीय सेना के गोरखा प्रशिक्षण केंद्र सुबाथू से सटे छावनी क्षेत्र में पाकिस्तान जिंदाबाद, जैश-ए-मोहम्मद और आईएसआई के नारे लिखे मिले हैं। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने सैन्य छावनी के साथ लगते निजी स्कूल के बोर्ड पर ये नारे लिखे देखे, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और देशद्रोह का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ नारों को मिटाने की कोशिश भी की गई थी। इन नारों के बीच अलर्ट शब्द भी लिखा गया है। खास बात यह है कि बोर्ड पर उर्दू में यह सब लिखा है।
स्कूल प्रबंधन और स्थानीय ग्रामीणों सेसूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। डीएसपी परवाणू की अगुवाई में एक टीम ने मौके पर पहुंच कर मोर्चा संभाल लिया। पुलिस ने मामले में आसपास के कुछ ग्रामीणों से भी पूछताछ की है, लेकिन अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
गौरतलब है कि करीब दो साल पूर्व भी सुबाथू में पड़ोसी देश के लिए जिंदाबाद के नारे लिखे गए थे, लेकिन उस समय मामले में कोई बड़ा खुलासा नहीं हो पाया था। इस बार पुलिस कड़ी कार्रवाई की बात कह रही है।