राजधानी शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में लगाई गई दीपा जोशी की पेंटिंग प्रदर्शनी को देखने के लिए भीड़ उमड़ी। दो दिवसीय पेंटिंग प्रदर्शनी को चार हजार से अधिक लोगों ने देखा।
रविवार को छुट्टी के चलते भारी संख्या में शिमला के स्कूल तथा कॉलेजों के छात्र और सैलानी प्रदर्शनी देखने पहुंचे। आरट्रैक शिमला के लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर जोशी की पत्नी दीपा जोशी की पेंटिंग जिस किसी ने भी देखी वो तारीफ किए बिना नहीं रह पाया।
रविवार को प्रदर्शनी देखने आए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस संजौली कॉलेज के दिव्यांशु भारद्वाज, अखिल चौहान, जागृति नेगी और अतुल गौतम ने बताया कि दीपा जोशी ने पेंटिंग के माध्यम से प्रकृति का चित्रण किया है। भगवान विष्णु, कृष्ण और शिव की पेंटिंग आध्यात्म की महता बताती हैं।
दिल्ली से शिमला घूमने आए अतुल कौशिक और रागिनी कौशिक भी रविवार को प्रदर्शनी देखने पहुंचे। प्रदर्शनी पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, जयपुर, बिहार और उड़ीसा की संस्कृति पर बनाई गई पेंटिंग लाजवाब है। दीपा जोशी ने बताया कि 1996 से उन्होंने पेंटिंग बनानी शुरू की थी और अब तक दो सौ से अधिक पेंटिंग बना चुकी हैं।