16 मई को मतगणना का हर किसी को बेसब्री से इंतजार है। घाटी में हारे या जीते कोई भी अभी से बकरों की धाम के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। इसको लेकर खरीद-फरोख्त का दौर शुरू हो गया है। एक अनुमान के तौर पर 500 बकरे व मेड़े काटे जाएंगे।
जीत का जश्न मनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से मांस-भात की धाम परोसने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। चुनावी बेला में बकरों की अधिक मांग को भांपते हुए भेड़ पालकों ने बकरों के दामों में 20 से 25 फीसदी तक वृद्धि कर दी है। जीत के जश्न को शानदार तथा यादगार बनाने के लिए स्थानीय कुल्लवी वाद्ययंत्रों की पार्टियों को भी बुक करवाना शुरू कर दिया गया है।
भेड़ पालक श्याम लाल, हंस राज तथा बालक राम ने कहा कि मंडी लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद भाजपा तथा कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनसे बकरे तथा मेड़ों की बुकिंग करवा रखी है। दोनों दलों की ओर से बकरों की मांग है।
भेड़ पालक हंस राज तथा ढेब राम ने कहा कि उनके पास पांच बकरे व तीन भेडू हैं, जिनकी एडवांस बुकिंग हो चुकी है। ऐसे घाटी में कई लोग हैं जिनसे एडवांस बुकिंग की बात हो गई है।
मंडी लोकसभा चुनाव में कुल्लू के चार विस क्षेत्रों में हुआ मतदान अपेक्षा से कहीं अधिक हुआ है। ऐसे में भाजपा तथा कांग्रेस इसे अपना-अपना फायदा बता रहे हैं।
चुनाव संपन्न होने के बाद प्रत्याशी, पार्टी नेता, पदाधिकारी तथा समर्थक जीत को लेकर अपने स्तर पर जमा-जोड़ करने में जुट गए हैं। कुल्लू जिले में कार्यकर्ता नफा-नुकसान का पूर्वानुमान बूथ स्तर पर लगा रहे हैं, लेकिन 16 मई को मतगणना के दिन पूरी स्थिति साफ हो जाएगी।