राजधानी के बिशप कॉटन स्कूल में आयोजित की गई 155वीं वार्षिक इंटर हाउस बाक्सिंग प्रतियोगिता में कर्जन हाउस ओवरआल विजेता रहा। वहीं, इबस्टन हाउस दूसरे, रिवाज हाउस तीसरे और लिफरॉय हाउस चौथे स्थान पर रहा।
शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबलों में जूनियर स्कूल में रोहन भागीरथ, मिडल स्कूल में लालारूं तसांगा, जबकि मैन स्कूल में शुभम बेस्ट बॉक्सर चुने गए। इस प्रतियोगिता में शिमला अतिरिक्त उपायुक्त डा. युनस बतौर मुख्यातिथि शरीक हुए।
उन्होंने विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता में शुभम हिसारिया ने आरएस शहावनेय मेमोरियल मोस्ट साइंटिफिक बॉक्सर पुरस्कार जीता। मुख्यातिथि ने बाक्सरों के अच्छे प्रदर्शन पर खुशी जताई और विजेताओं को बधाई दी।
स्कूल के हेडमास्टर आरसी रॉबिनसन ने मुख्यातिथि का आभार जताया और कहा कि उनका स्कूल बाक्सिंग को बढ़ावा देने के लिए छात्रों की प्रतिभा को निखारने के लिए लगातार हर साल इस तरह का आयोजन करता है।
वहीं छात्रों को परिसर में इस खेल का नियमित प्रशिक्षण भी दिया जाता है। इस मौके पर बॉक्सर अखिल भी विशेष रूप से शरीक हुए और उन्होंने खिलाड़ियों को बाक्सिंग के गुर सिखाए।