भाजयुमो के सम्मेलन में जमकर हंगामा हुआ
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा युवा मोर्चा के फतेहपुर में बुधवार को हुए सम्मेलन में जमकर हंगामा हुआ। सम्मेलन में आउटसाइडर गो बैक के नारे लगे। इस दौरान हिमाचल विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज और भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष विशाल चौहान, कोषाध्यक्ष विपिन नैहरिया और सचिव विशाल नैहरिया भी मौजूद थे। सम्मेलन के दौरान कुछ युवाओं ने शिमला में चुनाव समिति की बैठक के बाद हाईकमान को भेजे उम्मीदवारों के पैनल पर आपत्ति जताई।
हंगामा करने युवाओं ने कहां तक कह दिया कि अगर किसी बाहरी को उम्मीदवार बनाया तो पार्टी तक छोड़ देंगे। इस दौरान कुछ युवाओं ने भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव के पक्ष में भी नारेबाजी की। युवाओं ने कहा कि धर्मशाला में सबसे ज्यादा एसटी और ओबीसी वर्ग के वोट हैं।
बावजूद इसके पैनल में एक भी व्यक्ति इन वर्गों के नहीं है। हंगामा बढ़ता देख विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज मंच से उतरकर बीच में आ गए। उसके बाद मामला शांत हुआ। उधर, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष विशाल चौहान ने कहा कि कुछ कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन में स्थानीय नेता को टिकट देने की पैरवी की है। जिसके बारे में हाईकमान को अवगत किया है।