प्राकृतिक खेती विंग ने की प्रदेश के किसानों से 212 मीट्रिक टन गेंहू की खरीद, पिसाई शुरू
आटे में मिलाया जाएगा आयरन विटामिन बी 9 और विटामिन बी 10
भारती शर्मा
शिमला। प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के तहत किसानों से खरीदी प्राकृतिक खेती से तैयार गेहूं का आटा डिपुओं और बाजारों में 50 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिकेगा। प्राकृतिक खेती विंग ने गेहूं की सोलन की एक मील में पिसाई शुरू करवा दी है। सरकार की ओर से गेहूं का ऑर्गेनिक फोर्टिफाइड आटा उपलब्ध करवाया जाएगा। इसमें आयरन विटामिन बी 9 और विटामिन बी 10 भी मिलाया जाएगा। ग्राहकों को बाजार के मुकाबले कम दामों में उपलब्ध करवाया जाएगा। इस आटे को सिविल सप्लाई के जरिये डिपुओं और बाजारों में भी बेचा जाएगा। इस वर्ष पहली बार सरकार ने किसानों से प्राकृतिक खेती से तैयार गेहूं की खरीद की थी। प्रदेश भर के किसानों से 214 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है। टेस्टिंग के दौरान दो मीट्रिक टन गेहूं की गुणवत्ता सही नहीं पाई गई, जिसे किसानों को लौटा दिया गया। इसलिए प्राकृतिक खेती विंग अब केवल 212 मीट्रिक टन गेहूं की ही पिसाई करवा रहा है।
सरकार ने किसानों से 60 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से गेहूं की खरीद की थी, लेकिन अब ग्राहकों को कम दामों पर आटा बेचा जा रहा है। रबी सीजन में सरकार ने किसानों से प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की की खरीद 40 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से की थी। जिसे डिपुओं में 50 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बेचा गया था। इस बार विभाग ग्राहकों को कम दामों पर ऑर्गेनिक फोर्टिफाइड आटा उपलब्ध करवाएगा।
-
..इनसेट
प्राकृतिक खेती से तैयार गेहूं से बनाया जाएगा दलिया और फोर्टिफाइड आटा
किसानों से खरीदी गई गेहूं से फोर्टिफाइड आटे के अलावा दलिया भी बनाया जाएगा, जिसे डिपुओं और बाजार में लोगों को 115 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से उपलब्ध करवाया जाएगा। इसकी आधा किलो की पैकिंग 57.5 रुपये में मिलेगी। दलिया की आधा किलो की पैंकिंग और आटे को पांच किलो की पैकिंग में बेचा जाएगा।
..इनसेट
क्या होता है फोर्टिफाइड आटा
फोर्टिफाइड आटे में पोषण गुणवत्ता बढ़ाने के लिए सूक्ष्म पोषक तत्व मिलाए जाते हैं। इसमें ऐसे पोषक तत्व मिलाए जाते हैं जो अनाज में प्राकृतिक रूप से नहीं पाए जाते। इसमें गेहूं के प्रसंस्करण के दौरान नष्ट हुए पोषक तत्वों को वापस मिला दिया जाता है, ताकि भोजन की पोषण गुणवत्ता में सुधार हो सके और स्वास्थ्य को लाभ मिल सके।
..कोट
अगस्त में ग्राहकों को फोर्टिफाइड आटा मिलना हो जाएगा शुरू
गेहूं की पिसाई का कार्य शुरू हो चुका है। अगस्त में ग्राहकों को फोर्टिफाइड आटा और दलिया मिलना शुरू हो जाएगा। प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के तहत प्राकृतिक खेती में रोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने यह पहल शुरू की है।
-डॉ. मोहिंद्र सिंह भवानी, उपनिदेशक, प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना