राजधानी शिमला में एक पर्यटन कारोबारी को सोशल मीडिया साइट से शॉपिंग करना महंगा पड़ा। कारोबारी मनोज के साथ 4 हजार रुपये की ठगी हुई है। पीड़ित व्यक्ति ने इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। यह मामला शहर के लोअर बाजार क्षेत्र का है।
कारोबारी ने स्वास्थ्य संबंधी उपकरण सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिये आर्डर किए थे। इसमें ऑक्सीमीटर, ब्लड प्रेशर और नब्ज मापने की मशीन शामिल थीं। इस बीच कारोबारी उपचार करवाने चंडीगढ़ चले गए। बीते दिन कारोबारी को फोन पर सूचना मिली कि आपका पार्सल आया है। कारोबारी ने कुरिअर बॉय को फोनकर पार्सल को दुकान पर मजदूर के पास छोड़ने को कहा। इसकी एवज में कारोबारी ने 4,038 रुपये का भुगतान किया। अगले दिन कारोबारी ने अपने मजदूर को पार्सल खोलने को कहा तो वह देखकर चकित रह गया। पार्सल के अंदर रिन साबुन की दो टिकिया निकलीं।
मजदूर ने तुरंत इसकी सूचना कारोबारी को दी। इसके बाद कारोबारी ने संबंधित कंपनी को इस बाबत फोन करना चाहा तो फोन नहीं लगा। बार-बार कोशिश करने के बावजूद भी पार्सल कंपनी से संपर्क नहीं हो रहा है। पीड़ित मनोज ने बताया कि फेसबुक पर ऑक्सीमीटर, ब्लड प्रेशर और नब्ज मापने की मशीन की सेल लगी थी, वह भी झांसे में फंस गए और ऑनलाइन आर्डर कर दिया। अब कंपनी से संपर्क नहीं हो रहा है। उन्होंने लोगों से भी फेसबुक पर अनजाने लिंक से सावधान रहने की अपील की है।