मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने अपने कार्यकाल में सत्ता का दुरूपयोग किया है। जब भी वह सत्ता में आए कांग्रेस के लोगों को कुचलने का ही काम किया।
उन पर अनेकों केस किए गए, लेकिन कानूनी प्रक्रिया में वह हर बार पाक साफ होकर निकले। उन्होंने कहा हम चुनाव में दूसरी पार्टी के लोगों को प्रतिद्वंद्धी मानते हैं। लेकिन, भाजपा के लोग दूसरी पार्टी के लोगों को अपना शत्रु मानते हैं।
यह तानाशाही नहीं तो और क्या है। उन्होंने कहाकि धूमल शालीनता नहीं जानते। सत्ता के दौरान वह मुख्यमंत्री कम, थानेदार ज्यादा लगते थे। वीरभद्र रोज चुनौती का सामना करता है। उनके कंधे मजबूत है। वह नैतिकता में विश्वास रखते हैं।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को बिलासपुर में विभिन्न स्थानों पर चुनावी रैलियां की। उनके साथ हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा भी थे।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि उनके कंधे मजबूत हैं। धूमल कांग्रेस पार्टी को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। उनकी सोच है कि वीरभद्र सिंह पार्टी का मजबूत खूंटा है। खूटा उखाड़ो तो पार्टी कमजोर हो जाएगी। लेकिन, वह डरने वाले नहीं।