मरीजों को नहीं मिल रही ओपीडी में बैठने वाले डॉक्टरों की जानकारी, अस्पताल में जाकर चल रहा पता आज डॉक्टर छुट्टी पर
अस्पताल प्रबंधनों से रोस्टर हर रोज अपडेट करने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में ओपीडी में दिन के हिसाब से बैठने वाले चिकित्सकों का रोस्टर अपडेट नहीं हो रहा है। इससे मरीजों को ओपीडी में किस रोज कौन से चिकित्सक ओपीडी में उपलब्ध रहेंगे या बैठेंगे इसकी जानकारी नहीं मिल रही। लोगों ने अस्पताल प्रबंधनों से रोस्टर हर रोज अपडेट करने की मांग की है।
फैकल्टी सदस्य चिकित्सकों के 22 दिसंबर से शीतकालीन अवकाश पर जाने के बाद अस्पतालों की आधिकारिक वेबसाइट पर ओपीडी की सही जानकारी नहीं मिल रही। अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों की सुविधा के लिए यह सेवा शुरू की थी। शीतकालीन अवकाश के चलते दोनों अस्पतालों से आधे फैकल्टी सदस्य चिकित्सक जिनमें विशेषज्ञ और विभागाध्यक्ष भी शामिल हैं, इन दिनों अवकाश पर चल रहे हैं। वेबसाइट पर अभी भी इन चिकित्सकों के नाम ओपीडी ड्यूटी रोस्टर में चल रहे हैं। इस कारण मरीजों को ओपीडी में बैठने वाले चिकित्सकों की जानकारी वेबसाइट के माध्यम से नहीं मिल रही है। इससे मरीजों को ओपीडी में जाने के बाद ही मालूम होता है कि चिकित्सक छुट्टी पर है। बहुत से ऐसे रोगी हैं जो ऑपरेशन के बाद या पहले अस्पताल से उपचार करवा रहे हैं और फॉलोअप के लिए अस्पताल आते हैं। मरीज यही चाहता है कि उसे वही चिकित्सक देखे जो पहले से देख रहा है। इसलिए वह अस्पताल में दिखाने के लिए जाने से पूर्व चिकित्सक की उपलब्धता को लेकर सही जानकारी चाहता है। वेबसाइट पर रोस्टर अपडेट न होने के कारण उसे यह सूचना नहीं मिल रही है।
रोज जानकारी अपडेट करना संभव नहीं : डॉ. सुधीर
चमियाना अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. सुधीर शर्मा ने कहा कि सर्दियों की छुट्टियों में पहले चरण में अवकाश पर गए चिकित्सकों की जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई है। पुराने मरीज इसको देखकर ओपीडी में दिखाने पर फैसला ले सकते हैं। ओपीडी में शेष बचे चिकित्सक निर्धारित दिन पर उपलब्ध रहते हैं। चमियाना में चिकित्सक इमरजेंसी, ओटी और आईजीएमसी में भी सेवाएं देने के लिए जाते हैं, इसलिए ओपीडी में कौन उपलब्ध रहेगा, इसकी जानकारी वेबसाइट पर रोज अपडेट करना संभव नहीं होता।