कितने कमरे होंगे आवंटित यह अभी तय नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला में नए शैक्षणिक सत्र में छात्रावासों के आवंटन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को शुरू हो गई है।
विश्वविद्यालय ने इसके लिए पोर्टल खोल दिया है। दस अगस्त तक पीजी डिग्री कोर्स और पीएचडी तथा अन्य प्रोफेशनल कोर्स में प्रवेश पाने वाले विद्यार्थी और पुराने छात्र-छात्राएं भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है लेकिन अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि विश्वविद्यालय के छात्रावासों में कितनी सीटें (कमरे) आवंटन के लिए उपलब्ध होंगी। विश्वविद्यालय के चीफ वार्डन प्रो. आरएल जिंटा ने कहा कि सभी वार्डन से अपने छात्रावास में छात्रों के पास आउट होने और डिग्री पूरी होने के बाद छात्रावास छोड़ने से खाली हुई सीटों का ब्योरा दस अगस्त के बाद मंगवाया जाएगा। दस अगस्त से पहले कितने विद्यार्थियों ने कंटीन्यूशन (दोबारा छात्रावास लेने) के लिए आवेदन किया और कितनों ने फीस जमा करवाई है, इसको लेकर भी तस्वीर साफ हो जाएगी। इसकी विस्तृत जानकारी आने के बाद ही चीफ वार्डन कार्यालय सभी बॉयज और गर्ल्स छात्रावासों में आवंटन के लिए उपलब्ध सीटों का आंकलन कर पाएगा।
विज्ञापन
विभागों के लिए तय की गई सीटों और आवेदन के लिए बनाई जाने वाली मेरिट को आधार मान कर ही छात्रावासों का आवंटन किया जाएगा। चीफ वार्डन प्रो. आरएल जिंटा ने कहा कि छात्राओं के छात्रावासों का मरम्मत कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। इनमें अधिकतर कमरों की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है, जो बचें है, उनकी एक-एक फ्लोर खाली करवाकर मरम्मत करवाई जा रही है। इससे छात्राओं के लिए कमरे आवंटन के लिए मिल जाएंगे। छात्रों के लिए श्रीखंड छात्रावास के कमरों को भी शेष बचे बीस दिनों में मरम्म्त कर आवंटन के लिए तैयार करने को कहा है। इस कार्य के टेंडर हो चुके हैं, काम शुरू होने वाला है। शेष तीन छात्रावासों में उपलब्ध सीटों के अनुसार ही सीटों का आवंटन किया जाएगा।