तोरी 50 रुपये और फूलगोभी 80 रुपये किलो
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी की सब्जी मंडी में दो सप्ताह से 70 रुपये प्रतिकिलो बिक रहे प्याज के दामों में दस रुपये की कमी आई है। लोअर बाजार सब्जी मंडी में शनिवार को प्याज 60 रुपये प्रति किलो तक बिका। पहाड़ी आलू अभी भी 40 रुपये प्रतिकिलो तक बिक रहा है, जबकि देसी आलू बीस रुपये तक पहुंच गया है।
मंडी में लोकल टमाटर आने से इसके दाम 50 रुपये प्रति किलो पर स्थिर बने हुए हैं। शिमला मिर्च 60 रुपये प्रति किलो बिक रही है। इसके अलावा बरसात में स्थानीय किसानों द्वारा पैदा की जाने वाली सब्जियों के दाम 40 रुपये के आसपास स्थिर बने हुए हैं। मंडी में भिंडी, पत्ता गोभी, घीया और अरबी 40 रुपये प्रति किलो ही बिक रही है। तोरी 50 रुपये प्रतिकिलो तक बिकी, जबकि फूलगोभी 80 रुपये से नीचे नहीं आ रही। सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष विश्वेवरनाथ ने कहा कि बारिश कम होने के साथ ही प्याज के दाम और कम हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिमला सब्जी मंडी में स्थानीय किसान सब्जियां लेकर आ रहे हैं, वहीं कुछ ऑफ-सीजन की सब्जियां बाहरी राज्यों से आ रही हैं।