हिमाचल में प्याज के दाम आसमान छूने लगे हैं। पांच दिन में ही प्याज के दामों में फिर से बढ़ोतरी हो गई है। रेट 80 तक पहुंच गए हैं। शिमला में प्याज के दाम बढ़ने के साथ ही लोगों ने इसकी खरीद कम कर दी है। हाल ही में लोगों को प्याज और टमाटर के दामों में गिरावट से राहत मिली थी लेकिन अब फिर से प्याज के दाम बढ़ना शुरू हो गए हैं।
होटलों में भी सलाद की प्लेट से प्याज गायब हो गया है। प्याज की जगह ग्राहकों को मूली का सलाद परोसा जा रहा है। प्याज पिछले हफ्ते जहां 40 से 50 रुपये किलो बिक रहा था वहीं मंगलवार को 70 रुपये प्रतिकिलो बिका। उधर, मंडी, कुल्लू, सोलन समेत सभी प्रमुख शहरों में प्याज के दाम बढ़ गए हैं। कई जगहों पर प्याज 80 रुपये किलो बिक रहा है।
अचानक दाम बढ़ने से लोग परेशान हैं। मंडी में प्याज की सप्लाई भी काफी घट गई है। रोजाना मंडी में जहां 200 के करीब प्याज के कटे आते थे वहीं अब 80 कटे ही पहुंच रहे हैं। इन दिनों शादी का सीजन होने के कारण प्याज की मांग अधिक है। इस कारण इसके दामों में अचानक उछाल आ गया है। डिमांड बढ़ने से प्याज के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है।
विक्रेताओं का कहना है कि पहले जो उपभोक्ता तीन से चार किलो प्याज खरीदते थे वह आधा पौने किलो में ही गुजारा कर रहे हैं। सब्जी विक्रेताओं के मुताबिक बाहरी राज्यों में भारी बरसात के कारण प्याज की फसल नष्ट हो गई है। इस कारण प्याज की फसल मार्केट में बहुत कम आई है। लोकल प्याज अभी आना शुरू नहीं हुआ है। ऐसे में प्याज के दामों में वृद्धि हुई है। लोगों का कहना है कि पहले ही महंगाई के चलते घर चलाना मुश्किल हो गया है अब प्याज महंगा होने से और बोझ बढ़ जाएगा।
मंडी में कम पहुंच रही सप्लाई : अध्यक्ष
शिमला सब्जी मंडी के अध्यक्ष विशेश्वर नाथ ने कहा कि मंडी में सप्लाई कम आने से प्याज के दामों में बढ़ोतरी हुई है। शादी के सीजन के चलते भी डिमांड बढ़ी है। ऐसे में करीब 15 दिन बाद ही प्याज के दाम में गिरावट आ सकती है।