लोगों ने मौके पर दबोचकर पुलिस के हवाले किया अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। खलीनी क्षेत्र में एक व्यक्ति को चोरी करते हुए पकड़ा गया है। मामला बुधवार तड़के का बताया जा रहा है जब स्थानीय लोगों को आवाज सुनकर चोरी होने का अंदेशा हुआ। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हुए और उन्होंने एक शख्स को पकड़ लिया जबकि एक भागने में कामयाब हो गया है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी के खिलाफ केस दर्जकर उसे हिरासत में ले लिया है जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है। आरोपी की पहचान दलीप के रूप में हुई है। यह कबाड़ का काम करता है। जानकारी के अनुसार मामला बुधवार सुबह करीब 4:00 बजे है जब खलीनी में रहने वाली पंकज ने अपने घर के पास तेज आवाज सुनी। उन्होंने पड़ताल की तो पता चला कि दो लोग यहां पर केबल तार और निकास नालियों पर लोहे की शीट चोरी कर रहे हैं। इसके बाद मौके पर आसपास के लोग भी एकत्रित हुए और उन्होंने दलीप को मौके पर ही पकड़ लिया जबकि एक व्यक्ति भाग गया। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस स्टेशन न्यू शिमला और स्थानीय पार्षद चमन प्रकाश को दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने इस संबंध में बीएनएस की धारा 303 (2) के तहत केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
खलीनी से टॉलैंड तक आठ रेलिंग चैनल हो चुके हैं चोरी
खलीनी से टॉलैंड तक पिछले कुछ दिनों में ही सड़क के किनारे लगी रेलिंग के आठ लोहे के चैनल चोरी हो चुके हैं। इसके अलावा खलीनी क्षेत्र में अन्य जगहों पर भी रेलिंग के चैनल चोरी होने के मामले सामने आ चुके हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि शहर में गिरोह है, जोकि रेलिंग को चोरी करने की घटना को अंजाम दे रहा है। खलीनी वार्ड के पार्षद चमन प्रकाश ने कहा कि उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को इस बारे में सूचित कर दिया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह अपने आसपास अनजान लोगों की गतिविधियों पर नजर रखें और अंदेशा होने पर पुलिस को सूचित करें।