धमाके से हिल गया शहर, घरों दुकानों से बाहर भागे लोग
राजधानी के मिडल बाजार में हुआ धमाका इतना जोरदार था कि इससे मिडल बाजार और मालरोड से लेकर साथ लगते लोअर बाजार के कई भवन हिल गए। अचानक धमाके की आवाज सुनते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। वहीं, कारोबारियों ने भी दुकानों से बाहर की ओर दौड़ लगाई। इस समय मालरोड पर भी सैकड़ों लोग घूम रहे थे। धमाका सुनते ही सभी मिडल बाजार की ओर दौड़े। मौके पर कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए घायलों को रसोई से बाहर निकालना शुरू किया।
इन्हें मालरोड पर ले जाकर एंबुलेंस से आईजीएमसी रवाना किया गया। घायलों को लहुलूहान देखकर मालरोड पर घूम रहे लोग भी सहम गए। घटना के बाद शहर के कारोबारियों ने दुकानें बंद कर दीं और मौके पर पहुंच गए। इसके बाद मौके पर क्षतिग्रस्त हुई दुकानों से सामान बाहर निकाला गया। जिस जगह यह धमाका हुआ, वहां से कई सिलिंडर भी बाहर निकाले गए। दमकल के साथ कई कारोबारी भी मदद के लिए आगे आए। शहरी विधायक हरीश जनारथा, स्थानीय पार्षद उमंग बंगा भी मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर जानकारी ली।
घायलों व मृतक की सूची
धमाके में 12 घायलों का उपचार डॉक्टरों की निगरानी में आईजीएमसी में चल रहा है। अस्पताल में कारोबारी अवनीश सूद को मृत अवस्था मे लाया गया था। हादसे में घायल रमेश (18) , राकेश (18), मनीष (25), मनीष (31), चंद्रमणी शर्मा (55), कृष्ण गोपाल (29), योगराज (33), अरशद (18), प्रेमचंद (66), शुभम और राकेश का उपचार चल रहा है। आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव ने इसकी पुष्टि की है