करीब 20 हजार फीट ऊंचाई पर स्थित लद्दाख के स्टोक कांगरी पीक में नन्हीं कल्पना स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराएगी। लाहौल घाटी से संबंध रखने वाली 13 वर्षीय कल्पना करीब तीन दिनों में यह चढ़ाई पूरी करेगी।
जोखिम भरे इस सफर के लिए कल्पना कड़ी मेहनत कर रही है। इसके लिए कल्पना प्रशिक्षण भी ले रही है। जोखिम भरे ट्रैक के लिए कल्पना के पिता और पर्यावरणविद् किशन ने प्रशासन से अनुमति ले ली है। ऑल इंडिया माउंटेनरी फाउंडेशन से भी इस संबंध में संपर्क साधा जा रहा है। कल्पना के साथ उनके पिता किशन लाल और पोर्टर मौजूद रहेंगे।
स्टोक कांगरी पीक की चढ़ाई करीब सात किलोमीटर है, लेकिन सफर बेहद खतरनाक है। इस सफर में कल्पना को आइस क्लाइबिंग करनी होगी। बर्फ से ढके रास्तों को चढ़ने की वजह से ही इस सफर में तीन दिन लगेंगे। 15 अगस्त 2018 को स्टोक कांगरी पीक पर पहुंचने के लिए योजना बना ली गइ गई है। तीन सदस्यीय टीम मनाली से लेह के लिए निकलेंगी। 17 हजार फीट ऊंचाई में पहला बेस कैंप, 18 हजार फीट पर एडवांस कैंप स्थापित किया जाएगा और तीसरे दिन चोटी पर पहुंचा जाएगा।