वाद्य यंत्रों की धुन पर झूमते हुए ओकओवर पहुंचे कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश सरकार से मान्यता मिलने पर अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने ओकओवर पहुंचकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया। छोटा शिमला से ओकओवर तक महासंघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने वाद्य यंत्रों की तान पर झूमते हुए आभार रैली निकाली। ओकओवर पहुंचकर मुख्यमंत्री के पक्ष में जमकर नारेबाजी भी की गई। कर्मचारियों ने एक बार जयराम, बार-बार जयराम, गरीबों का मसीहा कैसा हो जयराम जैसा हो और कर्मचारी एकता जिंदाबाद के नारे लगाए।
इस दौरान कई कर्मचारी बिना मास्क के भी नजर आए। मुख्यमंत्री के सरकारी आवास में कर्मचारियों ने कोरोना से बचाव को बनाए गए नियमों की भी जमकर अवहेलना की। सामाजिक दूरी का इस दौरान बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा गया। उधर, ओकओवर में मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए महासंघ के अध्यक्ष अश्वनी ठाकुर ने कहा कि राज्य कार्यकारिणी का एक सप्ताह में गठन कर लिया जाएगा। सभी कर्मचारी संगठनों को एक साथ लेकर कार्यकारिणी बनाई जाएगी। जेसीसी बैठक के लिए भी जल्द एजेंडा तैयार सरकार को भेजा जाएगा।
पेंशनरों ने की जल्द जेसीसी गठन करने की मांग
पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने सरकार से जल्द जेसीसी का गठन करने की मांग उठाई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष एचआर वशिष्ठ और महासचिव हरिचंद गुप्ता ने कहा कि वर्तमान सरकार को बने करीब साढ़े तीन वर्ष हो गए हैं। पेंशनर्स ने अपनी समस्याओं को कई बार सरकार से अवगत करवाया है। 17 दिसंबर 2018 को मुख्यमंत्री ने सुंदरनगर में हुए समारोह में एसोसिएशन को बैठक के लिए शिमला बुलाने और जेसीसी का गठन करने की घोषणा की थी, लेकिन अब मात्र आश्वासन बनकर रह गया है।
उन्होंने कहा कि पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन 1989 से पंजीकृत है। इसमें करीब 85 फीसदी पेंशनर्स शामिल हैं। जेसीसी का गठन नहीं होने से पेंशनर्स में भारी रोष है। सरकार से मांग करते हुए कहा कि जल्द जेसीसी का गठन किया जाए। ऐसा नहीं होने पर एसोसिएशन सत्याग्रह करने को विवश होगी।