इष्ट के नाम पर देवता के कारिंदे को गांववालों ने चुनाव जिता दिया। हिमाचल के शिमला जिले में देवता डोम गुठाण के कारदार मदनलाल वर्मा ने जिस निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा, वहां पर उनका अपना वोट तक नहीं फिर भी चुनाव जीत लिया। यह चुनाव भी तीन-तीन दिग्गजों का मुकाबला कर जीता।
यह रोचक मामला जिला शिमला की ठियोग तहसील के पंचायत समिति वार्ड क्यार-कमाह में सामने आया है। देवता डोम गुठाण के कारदार मदनलाल वर्मा इस वार्ड से पंचायत समिति के सदस्य चुने गए हैं। मूल रूप से मदनलाल वर्मा ठियोग तहसील की ही ग्राम पंचायत कलींड के गांव गुठाण के निवासी हैं। उनका अपना वोट कलींड पंचायत में है। पंचायत समिति का उनका अपना वार्ड माहोरी है। ये माहोरी, कलींड और शरमला तीन ग्राम पंचायतों से बना है।
यह वार्ड महिला के लिए आरक्षित हुआ तो मदनलाल वर्मा क्यार-कमाह वार्ड से ही चुनाव मैदान में उतर गए। पंचायत समिति में उम्मीदवार अपने ब्लॉक के किसी भी वार्ड से चुनाव लड़ सकते हैं। बेशक, उस वार्ड में अपना वोट नहीं हो। इसी अधिकार से मदनलाल वर्मा ने चुनाव लड़ा।
देवता में है लोगों की अपार आस्था, इसलिए डाले कारदार वोट
इस क्षेत्र में सांबर, कलाहर, बसमोल, नमाणा, मातली जैसे गांवों की बड़ी जनसंख्या की डोम देवता में अपार आस्था है। इस कारण देवता को मानने वाले काफी मतदाताओं ने उन्हें मतदान किया। भाजपा और कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े कई परिवारों ने भी देवता के निमित्त ही एक-दो वोट डालकर अपनी आस्था का दायित्व निर्वहन किया। मदनलाल वर्मा ने ये चुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों से समर्थित उम्मीदवारों के खिलाफ लड़ा।
चारों प्रत्याशियों को मिले कुल मतों में से मदनलाल वर्मा 640 वोट लेकर विजयी हुए। यहां भाजपा समर्थित उम्मीदवार पूर्व प्रधान सोहनलाल वर्मा को 513 मत पड़े। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी पूर्व प्रधान एवं पूर्व पंचायत समिति कंवर रघुवीर सिंह को 484 मत पड़े। एक अन्य उम्मीदवार पूर्व उपप्रधान अंबादत्त शर्मा को 258 वोट पड़े।
नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य एवं डोम देवता के कारदार मदनलाल वर्मा ने का कि मैं पूर्व में भी पंचायत समिति ठियोग का चेयरमैन रह चुका हूं। अपनी पंचायत में प्रधान भी रह चुका हूं। मैंने क्षेत्र में विकास के अनेक कार्य किए हैं। लोगों ने सांस्कृतिक रिश्ते से भी अगर मुझे वोट डाले हैं तो मैं इसका भी आभार जताता हूं। मुझे पंचायत समिति ठियोग के चेयरमैन पद के लिए अपार समर्थन मिल रहा है।