मासिक अपराध समीक्षा एवं कल्याण बैठक में एसएसपी गौरव सिंह के अधिकारियों को निर्देश
विज्ञापन
नशा तस्करों की संपत्तियां जब्त करने को कहा संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। एसएसपी गौरव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा एवं कल्याण बैठक में जिले की कानून व्यवस्था और अपराध की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में गंभीर अपराधों और लंबे समय से लंबित मामलों की समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। त्योहारी सीजन में अवैध पटाखों की खरीद-फरोख्त और नशा तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए शिमला पुलिस कार्रवाई तेज करेगी। नशा तस्करों की संपत्तियां जब्त करने, उनके अवैध अतिक्रमण हटाने और तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के निर्देश दिए हैं। पुलिस बल में अनुशासन बनाए रखने के लिए नियमित परेड, पुलिस कर्मियों के उचित टर्नआउट और ड्रिल पर भी जोर दिया गया। बैठक में पुलिस कर्मियों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विचार किया गया। बैठक में सभी पर्यवेक्षण अधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिस चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
चोरी व सेंधमारी रोकने के लिए बढ़ेगी गश्त त्योहारी सीजन को देखते हुए अवैध पटाखों की बिक्री और खरीद-फरोख्त पर नजर रखने के निर्देश दिए। आबकारी कानून के उल्लंघन पर भी सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा शहर में पुलिस गश्त बढ़ाने पर जोर दिया गया ताकि चोरी और सेंधमारी की घटनाओं को रोका जा सके और वारदात होने पर उनका शीघ्र पता लगाया जा सके।