बोले, कसुम्पटी में रहते सबसे बड़े अधिकारी, पर रहता है मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। लोकतंत्र के महापर्व में बड़े अधिकारी अपने मत का प्रयोग नहीं करते हैं। पूर्व की भाजपा सरकार में शहरी विकास मंत्री रहे सुरेश भारद्वाज ने यह बात कही है।
छोटा शिमला स्थित तिब्बती स्कूल में पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज परिवार के साथ मतदान करने आए थे। मीडिया कर्मियों ने शिमला के शहरी क्षेत्रों में सुबह ग्यारह बजे तक मतदान कम होने की बात को लेकर सवाल पूछा। उन्होंने कहा कि शिमला से पांच चुनाव लड़े हैं। इनमें से चार बार जीते हैं। शिमला में देशभर के अलावा प्रत्येक जिले के लोग रहते हैं। हालांकि बहुतों ने गांव में वोट बनाया है। इसलिए वह वहां जाते हैं। अधिकांश छुट्टी मनाने के कारण वोट डालने नहीं आते हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण बात है। कहा कि कसुम्पटी का वो बूथ जहां पर प्रदेश सरकार के सबसे बड़े अधिकारी रहते हैं वहां पर सबसे कम मतदान होता है। कहा कि अधिकांश बड़े अधिकारी वोट डालने नहीं आते हैं यह ट्रैक रिकाॅर्ड है। शिमला में मतदान की प्रतिशतता को लेकर कहा कि पहले भी जो वोट प्रतिशतता है वही आज भी होगी।