कंपनी के महाप्रबंधक पद पर से अधीक्षण अभियंता का तबादला अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी में 24 घंटे पेयजल योजना की जांच के बीच कंपनी के महाप्रबंधक अधीक्षण अभियंता राजेश कश्यप का तबादला कर दिया। राजेश कश्यप अब जलशक्ति विभाग के मुख्यालय टुटीकंडी में सेवाएं देंगे।
कंपनी का नया महाप्रबंधक अधीक्षण अभियंता राकेश पराशर को बनाया है। इसकी अधिसूचना जारी हो गई है। जांच के बीच अचानक हुए इन तबादला आदेशों पर राजधानी में सियासत गरमा गई है। कंपनी में महाप्रबंधक पद पर रहते हुए राजेश कश्यप ने योजना के काम में हो रही देरी को लेकर आवाज उठाई थी। इस बारे में एजीएम से लेकर एमडी तक को पत्राचार कर सूचित किया था लेकिन इसके बावजूद ठेकेदार कंपनी पर मेहरबानी दिखाई गई। अब इस योजना की जांच शुरू हुई तो आवाज उठाने वाले अधिकारी का ही तबादला कर दिया। इस पर अब चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोगों का कहना है कि मामले की गहन जांच होनी चाहिए। नगर निगम सदन में भी कंपनी के काम पर सवाल उठ चुके हैं। साल 2018 में शिमला में गहराए जलसंकट से उबारने में अहम भूमिका निभाने वाले अधीक्षण अभियंता राकेश कश्यप आजकल 24 घंटे पेयजल योजना के काम की निगरानी कर रहे थे।
शहर में जलसंकट, पानी के लिए तरस रही जनता
शहर में पानी का संकट जारी है। ज्यादातर इलाकों में चौथे दिन पानी दिया जा रहा है। चौथे दिन भी कब पानी आएगा, इसकी टाइमिंग तय नहीं है। लोगों को हैंडपंप, बावड़ियों के आगे लाइनें लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है। शहर में शुक्रवार को भी सभी परियोजनाओं के तहत से 40 एमएलडी पानी मिला है। बावजूद इसके तय शेड्यूल के बाद भी ज्यादातर इलाकों में देरी से पानी आया। कंपनी का कहना है कि गिरि में गाद कम हुई है। शहर के लिए आपूर्ति बढ़ाई जा रही है।