हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (सांकेतिक तस्वीर)
पर्यटन निगम ने प्रदेश भर में चल रहे अपने होटलों में पहली बार पर्यटकों को वेलेंटाइन डे पर ऑफर दिया है। पर्यटक एक रात की बुकिंग पर दूसरी रात फ्री ठहर सकेंगे। 14 फरवरी के दिन निगम के होटलों में खाने पर भी 20 फीसदी की छूट दी जाएगी।
इससे पहले वेलेंटाइन डे के दौरान 10 फीसदी तक की ही छूट दी जाती रही है। एक रात मुफ्त ठहरने के ऑफर का फायदा केवल एचपीटीडीसी की वेबसाइट और निगम के मार्केटिंग कार्यालयों से की गई बुकिंग पर ही मिलेगा।
जानकारी के अनुसार निगम के होटलों में ठहरने वाले पर्यटकों को पहली रात के लिए पूर्ण टैरिफ प्लस करों का भुगतान करना होगा। लेकिन दूसरी रात के लिए रहना बिलकुल मुफ्त होगा। वहीं इस पैकेज के तहत पहले दिन टैरिफ पर कोई छूट लागू नहीं होगी।
16 से 19 और 23 से 24 फरवरी तक भी छूट
पर्यटन निगम 16 से 19 और 23 से 24 फरवरी तक भी एचपीटीडीसी के होटलों और गेस्ट हाउसों में ठहरने वालों के लिए दूसरी रात के लिए मुफ्त ठहरने का ऑफर है। यह सुविधा भी पर्यटक केवल पर्यटन निगम की वेबसाइट पर की गई बुकिंग के दौरान ही उठा सकते हैं।
पर्यटन निगम ने पहली बार अपने होटलों में वेलेंटाइन डे पर एक रात के साथ एक रात फ्री ठहरने का ऑफर दिया है। इसके अलावा 14 फरवरी के दिन खाद्य पदार्थों पर भी 20 फीसदी की छूट का प्रावधान है। - अश्वनी सोनी, एजीएम, धर्मशाला