लोक सेवा आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. रचना गुप्ता
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष और तीन सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को नाटकीय तरीके से टल गया। गुरुवार सुबह 8:30 बजे प्रस्तावित शपथ समारोह को राजभवन सचिवालय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर की व्यस्तता का हवाला देते हुए टाल दिया। वहीं, इस मामले में प्रदेश कांग्रेस जयराम सरकार पर हमलावर हो गई है। कांग्रेस ने सरकार पर चहेतों को रेवड़ियां बांटने का आरोप लगा दिया। वहीं, मामला पीएम तक भी पहुंच गया है। बुधवार शाम को आयोग की सदस्य डॉ. रचना गुप्ता को अध्यक्ष और राकेश शर्मा, राजेश शर्मा व डॉ. ओपी शर्मा को सदस्य बनाने की कार्मिक विभाग ने अधिसूचना जारी की थी। सूत्र बताते हैं कि भाजपा हाईकमान के दबाव में प्रदेश सरकार को शपथ समारोह रोकना पड़ा।
राजभवन को भी दिल्ली से शपथ न करवाने के लिए फोन आए। उधर, राज्य सचिवालय से लेकर सोशल मीडिया में शपथ समारोह का टल जाना चर्चा का विषय बना रहा। राजभवन सहित राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी समारोह को टालने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं कर पा रहे। डॉ. रचना गुप्ता की ओर से गुरुवार को राज्यपाल को व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए आयोग का अध्यक्ष नहीं बनने की ई-मेल भेजने की भी चर्चा रही। हालांकि जब इस बारे में डॉ. रचना गुप्ता से जानना चाहा तो उन्होंने बताया कि शपथ समारोह क्यों टला, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि उनकी ओर से राजभवन को कोई भी ई-मेल नहीं भेजी गई है।
सदस्य बनने के लिए निदेशक विजिलेंस ने ली थी सेवानिवृत्ति
निदेशक विजिलेंस आईएएस राकेश शर्मा को भी आयोग का सदस्य बनाने का फैसला लिया था। इसके चलते बुधवार को उन्होंने सेवाकाल पूरा होने के आठ माह पहले ही सेवानिवृत्ति ले ली थी। कार्मिक विभाग ने अधिसूचना भी जारी कर दी थी। शपथ समारोह टलने के बाद वीरवार को सचिवालय में कार्मिक विभाग के अधिकारी बुधवार को जारी सेवानिवृत्ति के आदेशों को रद्द करने के लिए नियम खंगालने में जुटे रहे।
शपथ लेने राजभवन पहुंच गए ओपी शर्मा
आयोग में सदस्य नियुक्त किए डॉ. ओपी शर्मा तो वीरवार सुबह शपथ लेने राजभवन भी पहुंच गए। जब उन्होंने गेट पर सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से उन्हें सदस्य नियुक्ति का पत्र दिखाया तो मालूम पड़ा कि समारोह टल गया है। उन्हें बताया गया कि 22 अगस्त को राज्यपाल शिमला लौटेंगे। उन्हें उसके बाद आगामी कार्यक्रम को लेकर सूचित किया जाएगा।
अलका लांबा ने ट्वीट कर बोला हमला
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों की शपथ टलने के मामले में ट्वीट कर प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। अलका ने ट्वीट किया कि हिमाचल में भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में हार को देखते हुए जाते-जाते चहेतों में रेवड़िया बांटने लगी है। विवादों में घिरने के बाद शपथ टालने के बहाने खोजे जा रहे हैं। रचना गुप्ता की नियुक्ति को लेकर भाजपा के भीतर भी मुख्यमंत्री के खिलाफ सवाल उठने लगे हैं। मामला प्रधानमंत्री तक पहुंच गया है।